उत्तर प्रदेशवाराणसी

ज्ञानवापी परिसर सर्वे के वीडियो लीक मामले ने तूल पकड़ा,सीबीआई जांच की मांग

  • वादी पक्ष के पैरोकार जितेंद्र सिंह बिसेन नाराज,अफसरों से मिलेंगे,पहले ही डीएम को आगाह कर लिखा था पत्र

वाराणसी। ज्ञानवापी शृंगार गौरी के मुकदमें में कोर्ट कमिश्नर के सर्वे का वीडियो लीक होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। वादी पक्ष के पैरोकार और विश्व वैदिक सनातन संघ के प्रमुख जितेंद्र सिंह बिसेन ने नाराजगी जताते हुए मंगलवार को वीडियो लीक होने के मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। बिसेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश की शांति व्यवस्था को भंग करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। इसके पहले भी बिसेन सर्वे रिपोर्ट और वीडियो के लीक होने की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिख चुके हैं।

वादी पक्ष के एक अधिवक्ता शिवम गौड़ का कहना है कि मुकदमे की मुख्य वादी दिल्ली निवासी राखी सिंह को जिला न्यायालय से वीडियो प्राप्त नहीं हुई है। वायरल वीडियो का जिक्र कर कहा कि इसे देख कर लग रहा है कि ये पहले से कट कर के रखी गई थी। बताया कि इस मामले में उच्च अधिकारियों से मिलेंगे । जो लोग ज्ञानवापी परिसर में सर्वे के दौरान 16 तारीख को वहां थे। उनके मोबाइल काल डिटेल निकालने की मांग होगी। इससे स्पष्ट होगा कि वीडियो लीक मामले में किसका हाथ है। इस मामले में हम उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे और कोशिश होगी कि सीबीआई पूरे मामले की जांच करें।

अधिवक्ता शिवम गौड़ और जितेंद्र सिंह बिसेन ने कहा कि वीडियो लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। ऐसे में माहौल खराब करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। कोर्ट से मिले साक्ष्य को आम लोगों के बीच लाना गलत है। बताते चलें कि सोमवार की शाम जिला अदालत में शपथपत्र देने के साथ ही बंद लिफाफे में सर्वेक्षण की रिपोर्ट और वीडियो की सीडी पक्षकारों को सौंप दी थी। इसके बाद ही सर्वे का वीडियो वायरल हुआ। पिछले दिनों जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत में वादी पक्ष की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था कि उन्हें ज्ञानवापी परिसर के सर्वे से संबंधित फोटो और वीडियो की प्रतिलिपि दी जाए ताकि, मुकदमे का न्यायपूर्ण निस्तारण हो सके।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button