कारोबार

ऑनलाइन गेमिंग पर जीएसटी को लेकर 12 जुलाई को जीओएम की बैठक

कसीनो, ऑनलाइन गेमिंग और घुड़दौड़ पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लगाने के प्रस्ताव पर गठित मंत्री समूह (जीओएम) की 12 जुलाई की बैठक में अंतिम फैसला होगा। इस मंत्री समूह के सदस्य और उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उद्योग मंडल फिक्की की तरफ से यहां आयोजित एक सम्मेलन में सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि जीओएम की इस मसले पर 12 जुलाई को एक बैठक होने वाली है। इसमें इन गतिविधियों पर कर लगाने से जुड़ी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकता है। दरअसल, जीएसटी से संबंधित मामलों में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था जीएसटी परिषद की जून में चंडीगढ़ में हुई पिछली बैठक में इस पर अंतिम रिपोर्ट तैयार करने के लिए जीओएम को सुपुर्द कर दिया गया था।

उल्लेखनीय है कि मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा की अध्यक्षता वाले जीओएम ने ऑनलाइन गेमिंग’ में समूची राशि पर टैक्स लगाने की बात कही थी। इसमें ‘गेम’ का हिस्सा बनने के लिए दिया जाने वाला प्रवेश शुल्क भी शामिल है जबकि घुड़दौड़ के मामले में मंत्री समूह ने कहा कि सट्टे के पूरे मूल्य पर शुल्क लगना चाहिए। जीओएम ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट में कहा था कि ऑनलाइन गेमिंग, कसीनो और घुड़दौड़ सट्टेबाजी तथा जुआ की श्रेणी में आने वाली गतिविधियां हैं। इसलिए इन पर 28 फीसदी की दर से जीएसटी लगाया जाना चाहिए। जीओएम की रिपोर्ट पर जीएसटी परिषद में विचार करने के बाद जीओएम को 15 जुलाई तक अपनी अंतिम रिपोर्ट देने को कहा गया है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button