उत्तर प्रदेशलखनऊ

मंत्री एके शर्मा ने स्वच्छता का संकल्प दिलाकर कहा, ‘उत्साह में नहीं आनी चाहिए कमी’

  • नगर विकास मंत्री ने कहा, पांच संकल्प के साथ प्रदेश में सफाई अभियान को बढ़ाना है आगे

लखनऊ। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए ‘इंडियन स्वच्छता लीग’ का आयोजन किया गया। 1090 चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मौजूद रहे। लालबाग चौराहे तक पहुंचने वाली रैली में मुख्य अतिथि एके शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के बाद यह पहला मौका है कि इतनी बड़ी संख्या में स्वच्छता के प्रति चलाए जा रहे आंदोलन में सभी लोग भागीदारी कर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि प्रदेश को स्वच्छ बनाने के इस उत्साह में कमी नहीं होनी चाहिए।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के जन्मदिन को प्रदेश सरकार 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रही है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी शहरों व कस्बों को साफ सुथरा एवं स्वच्छ बनाने के लिए सभी नगरीय निकायों में सेवा पखवाड़ा को स्वच्छता पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सभी निकाय अधिकारियों को पंचामृत के लक्ष्य के साथ शहरों को स्वच्छ बनाने का संकल्प दिलाया गया था।

पंचामृत के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि पहला संकल्प सभी निकायों की प्रातः काल पांच बजे से साफ सफाई करना है। इस बार शहरों व कस्बों की प्रत्येक गली एवं मोहल्लों की भी सफाई सुनिश्चित करना है। दूसरा संकल्प कूड़ा स्थलों को शहर से हटाना है। गार्बेज प्वॉइंट शहर में न रहे, जिससे शहर की हवा स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त हो सके। तीसरा संकल्प शहरों के गंदे स्थानों की साफ सफाई करवाना, वहां पार्क उद्यान बनाना है, पौधरोपण कराना है, जिससे शहरवासियों को ऐसे स्थानों पर दो पल का सुकून मिल सके।

चौथा संकल्प सभी चौराहों का सौंदर्यीकरण कराना है। चौराहे किसी भी शहर के आईना होते हैं। बाहरी व्यक्ति चौराहे को देखकर ही प्रदेश के बारे में धारणा बनाता है। चौराहों से सभी अस्त-व्यस्त, फटी पुरानी सामग्री, होर्डिंग व तारों के मकड़जाल को हटाना है। पांचवां शहरों के वाटर बॉडीज, तालाबों का पुनरुद्धार करना है। इनको विकसित कर शहरवासियों के लिए उपयोगी बनाना है।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों का देश हम सभी को मिलकर बनाना है। इसको साफ-सुथरा व स्वच्छ बनाने का हम सभी संकल्प लें, जहां कहीं भी गंदगी दिखे, हमें स्वयं भी इसे साफ करने का प्रयास करना चाहिए, तभी हमारा प्रदेश राज्य की राजधानी लखनऊ स्वच्छता के मामले में नंबर एक पायदान पर होगा। लखनऊ शहर देश में स्वच्छता के मामले में अभी 12वें स्थान पर है। उन्होंने इस मौके पर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहरों व कस्बों के सभी गारवेज प्वॉइंट को हटाना है। लखनऊ शहर में अभी भी लगभग 110 गार्बेज प्वाॅइंट हैं। कार्यक्रम में महापौर लखनऊ संयुक्ता भाटिया, नगर आयुक्त, लखनऊ इंद्रजीत सिंह के साथ नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button