उत्तर प्रदेशगोरखपुर

काला चश्मा लगाकर ज्वेलरी शॉप में घुसी चोरनी, मिनटों में पार किया लाखों का हार, CCTV वायरल

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक ज्वेलरी स्टोर से मास्क और काला चश्मा पहने एक महिला ने करीब 7 लाख रुपये का हार चंद मिनटों में पार कर दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी. इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. यह घटना 17 नवंबर को गोरखपुर में एक ज्वेलरी स्टोर की है. फिलहाल पुलिस में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच कर रही है. पुलिस अभी तक चोर की पहचान नहीं कर पाई है.

दरअसल गोरखपुर शहर के गोलघर स्थित बलदेव प्लाजा में बेचू लाल सराफा प्राइवेट लिमिटेड ज्वेलरी शॉप में मास्क और काला चश्मा पहने एक महिला पहुंची थी. इस दौरान उसने खरीदने के बहाने कई नेकलेस सेट देखे. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि महिला ने गहनों को करीब से देखने का नाटक करते हुए अपने गोद में दो डिब्बे रखे. फिर उनमें से सिर्फ एक को वापस काउंटर पर रख दिया और दूसरे को चालाकी से अपनी साड़ी की तह में छिपा दिया.

चोरी का वीडियो वायरल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आभूषण की दुकान से हार चुराने वाली इस महिला का वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है. इस महिला की चालाकी ने लोगों को हैरान कर दिया है. वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला का पता लगाने में जुटी है, लेकिन फिलहाल सफलता नहीं मिल पाई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेकलेस सेट की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है. वहीं दुकान के मालिक गौरव सराफ ने बताया कि पुलिस को लिखित तहरीर दे दी गई है.

चेहरे पर मास्क और आंखों पर काला चश्मा

बेचू लाल सर्राफ के कर्मचारियों ने बताया कि 17 नवंबर को स्टोर में काफी भीड़ थी. कई महिलाएं ज्वेलरी की शॉपिंग करने यहां पहुंची थीं. इस दौरान हरे रंग की साड़ी में एक महिला पहुंची, उसने चेहरे पर मास्क और आंखों पर काला चश्मा लगाया हुआ था. उन्होंने कहा कि उम्र देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सका कि वह इस तरह की वारदात को अंजाम देगी.

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button