उत्तर प्रदेशलखनऊ

सरकार की नीतियां और नीयत किसान और छोटे व्यापारियों के विरुद्ध : रामाशीष राय

  • राष्ट्रीय लोकदल 23 से 30 दिसम्बर तक पूरे प्रदेश में मनाएगा किसान मजदूर जागरण सप्ताह

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयन्ती 23 दिसम्बर से 30 दिसम्बर तक सम्पूर्ण प्रदेश में “किसान मजदूर जागरण सप्ताह” के रूप में मनाया जायेगा। यह जानकारी राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने दी। वे प्रदेश कार्यालय पर संवाददाताओं को यह जानकारी दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां और नीयत किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों के विरुद्ध हैं। सरकार की सभी नीतियां कार्पोरेट घरानों के हितों को ध्यान में रखकर बनायी जा रही है, यही कारण है कि गरीबी और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। महंगाई आसमान छू रही है और देश की सम्पदा पर मुट्ठी भर लोगों का कब्जा होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान मजदूर जागरण सप्ताह में 23 दिसम्बर को चौधरी साहब की जयन्ती पर हवन-पूजन के साथ उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण एवं उनकी किसान हितैषी नीतियों की चर्चा होगी तथा 30 दिसम्बर तक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर गोष्ठी, ग्राम चौपाल तथा भ्रमण के अतिरिक्त सहभोज आदि के कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों से गन्ना मूल्य बढाने और 14 दिनों के अन्दर भुगतान का वायदा भी किया था किन्तु न तो गन्ने का भुगतान 14 दिन में हुआ, न ही पिछले बकाया का अभी तक पूरा भुगतान हो सका है और न ही बिजली का बिल हाॅफ किया गया है। विगत 1 वर्ष में खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल और पेट्रोल के मूल्य में भारी वृद्धि हुई है किन्तु अभी तक गन्ना मूल्य में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं हुई जो सरकार के किसान विरोधी होने का परिचायक है। प्रदेश में धान क्रय केन्द्रों पर खरीद नाम मात्र की हो रही है। किसान परेशान है।

रामाशीष राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जीएसटी को एक बार फिर इंस्पेक्टर राज की तरह प्रयोग किया जा रहा है जिसे चौधरी चरण सिंह ने जनता पार्टी शासन में समाप्त किया था । आज छोटे व्यापारी जीएसटी अधिकारियों की प्रतिदिन की छापेमारी से परेशान और तबाह हैं। किसान मजदूर जागरण सप्ताह समस्त जिलों, विधानसभाओं में सम्पन्न कराने के लिए वसीम हैदर वरिष्ठ नेता रालोद को कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है जो विभिन्न जिलों में नेताओं के कार्यक्रम तय करेंगे।

पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी सुरेन्द्रनाथ त्रिवेदी, वरिष्ठ नेता वसीम हैदर, प्रदेश कोषाध्यक्ष बीएल प्रेमी, वरिष्ठ नेता रजनीकांत मिश्रा, अवध क्षेत्र के संगठन महासचिव चन्द्रकांत अवस्थी, महानगर अध्यक्ष आशीष तिवारी, रमावती तिवारी मौजूद रहे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button