उत्तर प्रदेशलखनऊ

एनडीए में सीट बंटवारे पर बात अभी अधूरी, भाजपा नेतृत्व से दिल्ली में बात करूंगा: उपेंद्र कुशवाहा

एनडीए के घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन में सीट बंटवारे पर बड़ा बयान दिया है। नाराजगी की चर्चाओं के बीच उन्होंने कहा है कि एनडीए में सीट बंटवारे पर अभी फैसला नहीं हुआ है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली रवाना होने से पहले यह टिप्पणी की। भाजपा आलाकमान ने उपेंद्र कुशवाहा को दिल्ली बुलाया है, जहां सीटों के फॉर्मूले पर अंतिम फैसला होगा।

पटना में मीडिया से बात करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “एनडीए में सीट बंटवारे पर सहमति के बारे में मीडिया में आ रही खबरें, जिनमें मेरी पार्टी के खाते में भी कुछ सीटें दिखाई जा रही हैं, यह सही नहीं हैं। एनडीए में बातचीत अभी भी चल रही है।” उपेंद्र कुशवाहा ने बताया कि भाजपा नेतृत्व की तरफ से मिली सूचना के आधार पर वे दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली में ही बातचीत होगी, जिसके बाद स्पष्ट बयान दिया जाएगा।

उन्होंने फिर से दोहराया कि एनडीए में सीटों पर बातचीत नहीं बनी है। अभी बात अधूरी है। हालांकि, इस दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने आरएलएम की तरफ से सीटों की मांग पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वे जितनी सीटें चाहते हैं, उसके बारे में अभी सार्वजनिक तौर पर बात नहीं करेंगे। इससे पहले, उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, जिसमें लिखा, “इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए। वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है। इंतजार कीजिए। मीडिया में कैसे खबर चल रही है, मुझको नहीं पता। अगर कोई खबर प्लांट कर रहा है तो यह छल है, धोखा है। आप लोग ऐसे ही सजग रहिए।”

पोस्ट के बाद राजनीतिक मायने निकाले गए कि उपेंद्र कुशवाहा मनमुताबिक सीटें न मिलने के कारण नाराज हैं। हालांकि, भाजपा नेताओं ने कुशवाहा की नाराजगी की खबरों को खारिज किया। उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने कहा, “कोई नाराजगी नहीं है। सभी ने अपनी बात रख दी है।” भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “कुछ लोग सोशल मीडिया पर कोई भी नंबर (सीट फॉर्मूला) चला देते हैं। मैंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि एनडीए गठबंधन एक साथ बैठकर सीट शेयरिंग की घोषणा करेगा। शनिवार देर शाम या रविवार की सुबह सीट शेयरिंग की घोषणा होगी।”

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button