उत्तर प्रदेशलखनऊ

त्योहारों से पहले UP में मिलावटखोरों पर कार्रवाई, अब तक तीन हजार क्विंटल से अधिक मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त

उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए अब तक पूरे राज्य में 4.76 करोड़ रुपये मूल्य की 3,394 क्विंटल से अधिक मिलावटी सामग्री जब्त की है। खाद्य सुरक्षा एवं ओषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने आठ से 17 अक्टूबर तक विशेष अभियान के तहत कुल 2448 स्थानों पर छापे मारे और जांच के लिए 3,369 नमूने एकत्र किए।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त रोशन जैकब ने एक बयान में कहा कि इस अभियान से खाने-पीने की चीजों में मिलावट को रोकने में काफी मदद मिल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘दीपावली और छठ के पर्व में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

जैकब ने बताया, ‘‘मथुरा में दूध और दूध से बने उत्पादों में मिलावट पाए जाने के बाद चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं और छह डेयरियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। अलीगढ़ में 17.37 लाख रुपये मूल्य की 19,500 किलोग्राम मिलावटी सामग्री नष्ट की गई है, जबकि 23.55 लाख रुपये की 4,188 किलोग्राम ऐसी ही सामग्री जब्त की गई है। अन्य जिलों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘माफिया और मिलावट करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, छोटे दुकानदारों, स्टाफ या मजदूरों के विरुद्ध नहीं।’’ खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट की शिकायत हेल्पलाइन नंबर पर करें।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button