खेल-खिलाड़ी

रोशिबिना देवी क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, एशियन गेम्स में लगातार तीसरा वुशु मेडल पक्का

भारत की रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा वुशु क्वार्टर फाइनल में मकाऊ, चीन की चू मैन सिन को 5-0 से शिकस्त दी। मंगलवार को आइची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में इस जीत के साथ रोशिबिना ने एशियन गेम्स में अपना तीसरा मेडल सुनिश्चित कर लिया है।

2018 और 2022 एशियन गेम्स की मेडलिस्ट रोशिबिना ने एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना तीसरा कॉन्टिनेंटल मेडल पक्का कर लिया है। उन्होंने प्वाइंट्स के अंतर से मैच 5-0 से अपने नाम करते हुए बुधवार को खेले जाने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाई। रोशिबिना ने इससे पहले सोमवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश की शिखा खातून को मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। मौजूदा एशियन गेम्स में वुशु में भारत का यह पहला पक्का मेडल है।

रोशिबिना एशियन गेम्स 2023 में सिल्वर मेडलिस्ट रह चुकी हैं, जब वह सांडा 60 किग्रा कैटेगरी में दूसरे स्थान पर रही थीं। उन्होंने 2018 जकार्ता खेलों में भी इसी वेट कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उनके अलावा, भारत के आर्यन भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं, जो अब मेडल के लिए मुकाबला करेंगे। आर्यन ने पुरुषों के 56 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान के साफी शहजादा को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

दिन की शुरुआत में, भारत की हंजाबम लैंगलेनटोम्बी देवी महिलाओं के नानक्वान और नंदाओ फाइनल में 18.839 के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहीं।

सोमवार को, भारत की न्येमन वांगसु महिलाओं के चांगक्वान फाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। भारतीय वुशु एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन की झलक दिखाई है, जिसमें सूरज सिंह मयांगलामबम रविवार को पोडियम फिनिश के करीब पहुंचे थे।

सूरज पुरुषों के चांगक्वान वुशु फाइनल में 11वें स्थान पर रहे और कड़े मुकाबले में सिर्फ 0.040 प्वाइंट्स से पोडियम पर जगह बनाने से चूक गए। आइची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में 21 एथलीट्स के बीच हुए मुकाबले में सूरज ने कुल 9.683 प्वाइंट्स का स्कोर हासिल किया।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button