देशबड़ी खबर

जम्मू कश्मीरः सांबा में LoC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF ने मार गिराए तीन घुसपैठिए

पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. इस बीच जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया गया है और सांबा में भारतीय सीमा सुरक्षाबल के जवानों ने तीन घुसपैठियों को मार गिराया है. उनके पास से 36 किलो मादक पदार्थ बरामद किया गया है. फिलहाल मामले में जांच जारी है. यह जानकारी बीएसएफ ने दी है. अभी हाल ही में पंजाब के फिरोजपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया गया था. दो और तीन फरवरी की दरमियानी रात को बीएसएफ के एक जवान को कुछ संदिग्ध गतिविधि दिखी, जिसके बाद उसने अपने साथियों को सतर्क किया था. जवानों ने घुसपैठिए को ललकारा, लेकिन वह नहीं रुका. तब जवानों ने गोली चलाई जिससे अज्ञात घुसपैठिया घटनास्थल पर ही ढेर हो गया.

बीते साल बीएसएफ के जवानों ने भारत-पाकिस्तान सीमा से घुसपैठ की कोशिश करते हुए छह घुसपैठियों को मार गिराया और तीन को पकड़ लिया था. अधिकारियों ने बताया था कि बीएसएफ ने इसके साथ ही 2021 में 17 हथियार, 900 से ज्यादा कारतूस, 30 विस्फोटक उपकरण और 38 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त किए. बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरंग रोधी अभियान लगातार चलाया है, जिसके दौरान उसने दो सुरंगों का पता लगाया और पाकिस्तान से आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिशों को भारी नुकसान पहुंचाया.

पिछले साल जवानों की ओर से अंतरराष्ट्रीय सीमा से 38.160 किलोग्राम नशीला पदार्थ, चार एके-47 राइफल, सात एके-47 मैगजीन, एके राइफलों के 339 कारतूस, 13 पिस्तौल, 32 पिस्तौल मैगजीन, पिस्तौल के 371 कारतूस, 13 ग्रेनेड, 233 अन्य कारतूस, 16 मीटर कॉर्डटेक्स वायर (विस्फोट के लिये इस्तेमाल किया जाने वाला तार ) के अलावा एक वायरलेस सेट, छह मोबाइल सेट, एक रेडियो रिसीवर, 13 डेटोनेटर, और 15 डेटोनेटर फ्यूज आदि बरामद किए गए.

सीमा पर रह रहे लोग भी बीएसएफ की कर रहे मदद

वहीं, पाकिस्तान से सटी 198 किलोमीटर लंबी सीमा पर रह रहे लोग पड़ोसी देश से होने वाली ड्रोन घुसपैठ पर नजर रखने में बीएसएफ की मदद कर रहे हैं. बीएसएफ 140 से अधिक ड्रोन जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को भारत-पाक सीमा पर ड्रोन गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं से अवगत करा चुकी है. बीएसएफ ने अतीत में जम्मू, सांबा और कठुआ जिले के सीमावर्ती इलाकों में 170 से अधिक बस्तियों व स्कूलों में 144 ड्रोन जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं. बीएसएफ ने सीमा पार से ड्रोन गतिविधियों में इजाफे के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित गांवों में पिछले साल ड्रोन जागरुकता कार्यक्रम शुरू किए थे.

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button