उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

पुलिस जनता के साथ अच्छा व्यवहार करें,अधिकारी आपस में समन्वय बनाये : योगी

  • समीक्षा बैठक में बोले मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं जनता के साथ मित्रवत व्यवहार एवं संवाद कायम करें

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार शनिवार शाम काशी आये योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में विकास कार्यो एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, यहां पर उनकी विजन के अनुरूप तमाम विकास एवं निर्माण कार्य संचालित है, अधिकारी आपस में समन्वय बना कर इसे समय से पूरा कराये। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों एवं जनता के साथ मित्रवत व्यवहार एवं संवाद बनाये रखने का निर्देश देकर कहा कि पुलिस थानों में दलालों की भूमिका नहीं होनी चाहिए।

पुलिस जनता के साथ अच्छा व्यवहार करें। मुख्यमंत्री ने शहर में सायंकाल भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फूट पेट्रोलिंग बढ़ाए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति कार्यक्रम को केवल एंटी रोमियो तक सीमित न रखें, इस पर वृहद कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। पुलिस थाना, नगर निगम, तहसील, विकासखंड में सभी अपने व्यवहार में सुधार लाएं और छवि सुधारें। उन्होंने विशेष रूप से अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने छवि को सुधारें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रायः यह देखने को मिलता है कि किसी भी घटना के बाद अधिकारी समय से मौके पर नहीं पहुंचते। इससे शासन एवं प्रशासन की छवि धूमिल होती है। अधिकारी सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचे और सही जानकारी मीडिया को दे और सार्वजनिक करें।

विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समय में पूरा कराये

नेपाल के प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए शहर में एक दिन पहले आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के लोकार्पण के पश्चात यहां पर पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है । काशी पर देश-दुनिया की नजर है। विकास कार्यों को पूर्ण करने वाली कार्यदायी संस्थाएं सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना प्रबंधन पूरे देश एवं उत्तर प्रदेश में काफी बेहतर एवं उच्च स्तरीय दर्जे का संचालित रहा। वैक्सीनेशन कार्य में विशेष रूप से 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग में विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है। अब स्कूल-कॉलेज खुल चुके हैं, विशेष अभियान चलाकर इसके शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति समय से सुनिश्चित कराई जाए। संचारी रोग नियंत्रण का विशेष अभियान आज से पूरे प्रदेश में प्रारंभ हो गया है। इसके अंतर्गत स्वच्छता, साफ सफाई एवं फॉगिंग की व्यवस्था प्रभावी तरीके से निरंतर होना चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गेहूं क्रय केंद्रों एवं गेहूं खरीद की समीक्षा के दौरान कहा कि गेहूं क्रय केंद्रों को पूरी तरह प्रभावी रखा जाए, क्रय केंद्रों पर बोरो आदि सहित किसानों के बैठने आदि की समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान 4 अप्रैल से शुरू हो रहा है। कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। शिक्षा अधिकारी जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर विद्यालयों को उन्हें गोद दिलाएं तथा विद्यालयों के पुरातन छात्रों से भी संपर्क स्थापित कर उनसे भी संवाद करें।

बैठक में अफसरों ने दिया विस्तार से प्रेजेंटेशन

कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने विकास कार्यों एवं एडीजी जोन एवं पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने अपराध नियंत्रण से संबंधित प्रगति का विस्तार से प्रेजेंटेशन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ध्यान से इसे देखते रहे। बैठक में प्रमुख सचिव सूचना संजय प्रसाद, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, एडीजी, पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश, नगर आयुक्त प्रणय सिंह और अन्य अफसर भी उपस्थित रहे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button