बड़ी खबर

पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को तृणमूल ने बनाया गोवा का प्रभारी

कोलकाता। क्रिकेटर से नेता बने कीर्ति झा आजाद को तृणमूल कांग्रेस ने गोवा राज्य का प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को इस संबंध में एक बयान जारी कर जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि पार्टी सुप्रीमो और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर पूर्व सांसद कीर्ति झा आजाद को गोवा का नया पार्टी प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा के बेटे कीर्ति झा को गोवा प्रभारी नियुक्त करने की जानकारी तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी दी गई है। इसमें लिखा है कि क्रिकेटर से नेता बने कीर्ति झा आजाद को गोवा का प्रभारी पार्टी ने नियुक्त किया है। उन्हें बेहतर भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं है।

उल्लेखनीय है कि कीर्ति आजाद के पिता कांग्रेस नेता थे लेकिन आजाद ने अपने करियर की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी से की थी। हालांकि 23 नवंबर 2021 को वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे जिसके बाद से ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलने के कयास लगाए जा रहा थे। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान गोवा में तृणमूल कांग्रेस की करारी शिकस्त हुई थी। 40 सदस्यीय विधान सभा वाले राज्य में तृणमूल ने एमजीपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था लेकिन तृणमूल को एक भी सीट नहीं मिली थी। हालांकि एनजीपी के विधायकों के समर्थन से ही भाजपा ने गोवा में सरकार बनाई है जिसकी वजह से तृणमूल पर भाजपा से मिलीभगत के आरोप लगे थे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button