उत्तर प्रदेशप्रयागराजबड़ी खबर

प्रयागराज में बड़ा सड़क हादसा: टोल के पास बेकाबू होकर खंभे से टकराई कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

प्रयागराज के हंडिया टोल प्‍लाजा के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। ये लोग शिवगढ़ सोरावं से विंध्‍याचल दर्शन के लिए जा रहे थे। मरने वालों में चार महिलाएं और एक बच्‍ची शामिल है। सीएम योगी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों से कहा है कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों के समुचित इलाज का इंतजाम करें।

मिली जानकारी के अनुसार शिवगढ़ सोरांव के रहने वाले उमेश अपने परिवार के साथ किराए की टवेरा कार से विंध्‍याचल दर्शन के लिए जा रहे थे। गुरुवार सुबह 6:40 बजे कार जैसे ही हंडिया टोल प्लाजा के पास पहुंची अचानक बेकाबू हो गई। ड्राइवर कार को सम्‍भाल नहीं पाया और कार बिजली के खंभे से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद कार पलट गई। एक्‍सीडेंट के बाद मौके पर मची चीख-पुकार सुन आसपास मौजूद लोग भागे-भागे वहां पहुंचे। तब तक कार में सवार रहे पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। उनके शवों को बाहर निकाला गया। मरने वालों में चार महिलाएं और एक बच्‍ची शामिल है। पुलिस ने शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजा।

5 की मौत, 5 घायल

हादसे में रेखा देवी पत्नी संजय अग्रहरी 45 वर्ष, कृष्णा देवी पत्नी श्यामलाल 70 वर्ष, रेखा पत्नी रमेश 32 वर्ष, कविता पत्नी दिनेश 36 वर्ष और एक साल की ओजस की मौत हो गई। जबकि उमेश, प्रिया, गोटू, ऋषभ और ड्राइवर इरशाद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद मची चीख पुकार पर ग्रामीणों ने पहुंच शवों को बाहर निकाला।

ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा?

अनुमान लगाया जा रहा है गाड़ी चलाते-चलाते ड्राइवर को झपकी आ जाने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने कार को हाईवे से हटवाया। टक्‍कर की वजह से कार के परखच्‍चे उड़ गए। मृतकों के शवों और घायलों को बाहर निकालने के लिए कार को काटना पड़ा। घटना में एक ही परिवार के छह लोगों के मारे जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button