ताज़ा ख़बरदेश

कांग्रेस नेता का प्रधानमंत्री मोदी पर विवादित बयान, गृह मंत्री ने दिए एफआईआर के निर्देश

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार्यकर्ताओं से यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर संविधान बचाना है तो मोदी की हत्या जरूरी है। इस विवादित बयान के सामने आने के बाद प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता पटेरिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

भाजपा नेता राजपाल सिंह सिसौदिया ने सोमवार सुबह यह वीडियो ट्वीट किया है। साथ ही उन्होंने ट्वीट के माध्यम से कहा कि यह कांग्रेस का असली चेहरा है। पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता राजा पटेरिया मोदी जी की हत्या का बयान देकर समाज को विभाजित कर भड़काऊ भाषण दे रहे हैं। वहीं, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा है कि यह बहुत निंदनीय बयान है। प्रधानमंत्री मोदी जी को लेकर आपत्तिजनक बयान देने वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया के खिलाफ पन्ना एसपी को तत्काल एफआईआर करने के निर्देश दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि राजा पटेरिया ने गत दिनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं में यह बयान दिया था। अब इसका वीडियो वायरल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इस तरह के बयान की भाजपा की ओर से तीखी आलोचना की जा रही है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ट्वीट के माध्यम से इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की हत्या वाला पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का बयान बेहद गंभीर एवं निंदनीय है। यह प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश रचने का मामला है।

कांग्रेस की मंडपम की बैठकों में प्रधानमंत्री जी की हत्या की साजिश हो रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने ट्वीट करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री राजा पटेरिया द्वारा प्रधानमंत्री मोदी जी की हत्या के लिए जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उकसाना अत्यंत गंभीर और निंदनीय है। क्या हाल ही में मध्य प्रदेश से निकली राहुल गांधी की ‘भारत तोड़ो यात्रा’ में इस साजिश की तैयारी हुई? इसकी जांच होनी चाहिये।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button