ताज़ा ख़बरदेश

‘हम 2027 में गुजरात में भी बना लेंगे सरकार, पंजाब में भी दूसरी बार में बनाई थी’: केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अरूणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प को लेकर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए केंद्र से देश के सैनिकों के लिए “कुछ दम और सम्मान” दिखाने को कहा। पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि सीमा पर चीनी आक्रामकता बढ़ रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार कहती है, ”सब कुछ ठीक है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि चीन को “सज़ा देने” के बजाय, मोदी सरकार इस पड़ोसी देश से बड़ी मात्रा में आयात की अनुमति देकर “बीजिंग को इनाम” दे रही है, जबकि भारतीय सैनिक चीनी सैनिकों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं और अपनी जान तक दे देते हैं। केजरीवाल ने कहा, “ क्या हमारे जवानों के लिए आपके मन में कोई सम्मान नहीं है? थोड़ा दम दिखाओ। अगर भारत ने आयात बंद कर दिया तो चीन को औकात पता चल जाएगी।“ उन्होंने देशवासियों से चीनी उत्पादों का बहिष्कार करने की भी अपील की।

 

उन्होंने कहा, “वे कहते हैं कि चीनी उत्पाद सस्ते हैं। हम सस्ते होने पर भी चीनी उत्पाद नहीं चाहते हैं। हम भारत में बने उत्पादों को खरीदने के लिए तैयार हैं, भले ही इसकी हमें दोगुनी कीमत चुकानी पड़े।” केजरीवाल ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि जनता को राहत देने का उसका कोई इरादा नहीं है।

उन्होंने दावा किया, “लोग केंद्र में भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से तंग आ चुके हैं। दिल्ली में ‘आप’ सरकार ने दिखाया है कि मुद्रास्फीति को नियंत्रित किया जा सकता है और नौकरियां पैदा की जा सकती हैं। दिल्ली की मुद्रास्फीति भारत में सबसे कम 4.7 प्रतिशत है।” केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया, ‘‘उद्योगपति, बड़े व्यापारी और अमीर लोग भारत छोड़ रहे हैं क्योंकि भाजपा सरकार उन्हें काम नहीं करने दे रही है और उनके पीछे ईडी और सीबीआई लगा दे रही है।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ बदलाव लाने और भारत को एक ऐसा राष्ट्र बनाने का माध्यम है, जहां कोई भी धर्म और जाति के नाम पर पर न लड़े । केजरीवाल ने कहा कि ‘आप’ 10 साल में राष्ट्रीय दल का दर्जा हासिल करने वाली इकलौती पार्टी है और ‘‘ हम 2027 में हम गुजरात में सरकार बनाएंगे।”

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button