ताज़ा ख़बरदेश

कंझावाला मामले में छठवां आरोपित गिरफ्तार, सातवें की तलाश जारी

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने महानगर के कंझावाला इलाके में कार से युवती को टक्कर मारने के बाद घसीटने से हुई मौत के मामले में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपित की पहचान आशुतोष के तौर पर की है। वह इस मामले में गिरफ्तार किया गया छठवां व्यक्ति है।

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने कहा- ‘सुल्तानपुरी मामले में छठवें आरोपित आशुतोष को गिरफ्तार किया गया है। इसने पुलिस को गलत जानकारी दी थी। आगे की जांच चल रही है।’ इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपितों ने कथित तौर पर आशुतोष से कार ली थी।

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार कहा था कि वह दो संदिग्धों की तलाश कर रही है, जो कथित तौर पर पांचों आरोपितों को बचाने में शामिल थे। इस मामले में पुलिस ने पहले दीपक खन्ना (26), अमित खन्ना (25), कृष्ण (27), मिथुन (26) और मनोज मित्तल को गिरफ्तार किया था। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस को दो और लोगों आशुतोष और अंकुश खन्ना की संलिप्तता के बारे में पता चला था।

अंकुश खन्ना आरोपित अमित खन्ना का भाई है। अमित के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है और उसने अंकुश को दुर्घटना के बारे में सूचित किया तो उसके भाई ने दीपक को पुलिस को यह बताने के लिए राजी किया था कि वह दुर्घटना के दिन गाड़ी चला रहा था। दीपक ग्रामीण सेवा वाहन चलाता है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button