ताज़ा ख़बरमनोरंजन

सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी मामला: अनमोल बिश्नोई के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी

मुंबई। मुंबई के बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर इस महीने की गई गोलीबारी के मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई के खिलाफ ‘लुकआउट सर्कुलर’ (एलओसी) जारी किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस लॉरेंस बिश्नोई को भी हिरासत में ले सकती है, जो इस समय गुजरात की साबरमती जेल में बंद है और वह मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाने पर भी विचार कर रही है।

उन्होंने बताया कि अनमोल बिश्नोई ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी और जांच में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है जिसके बाद मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को एलओसी जारी किया। अधिकारी ने कहा, ‘‘अनमोल और लॉरेंस बिश्नोई को मामले में वांछित आरोपी के रूप में नामजद किया गया है। अनमोल बिश्नोई कनाडा में रहता है और अक्सर अमेरिका जाता रहता है लेकिन उसने फेसबुक पर जिस खाते से ‘पोस्ट’ करके गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी, उसका ‘आईपी एड्रेस’ पुर्तगाल का पाया गया है।’’

पुलिस ने 14 अप्रैल की सुबह सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों द्वारा गोलीबारी किए जाने के मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि कथित हमलावर विकी गुप्ता (24) एवं सागर पाल (21) को सोनू कुमार सुभाष चंदर बिश्नोई (37) और अनुज तपन (32) के साथ गिरफ्तार किया गया था। विकी गुप्ता और सागर पाल बिहार के निवासी हैं। उन्हें सोनू एवं अनुज ने 15 मार्च को दो देसी पिस्तौल एवं कारतूस उपलब्ध कराए थे। उसने बताया कि सोनू और अनुज फाजिल्का के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा, ‘‘दोनों (सोनू एवं अनुज) पंजाब के गंगापुर में दर्ज गोलीबारी के एक मामले में भी लॉरेंस एवं अनमोल बिश्नोई के साथ सह आरोपी हैं।’’

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button