देशबड़ी खबर

भाजपा ने राम माधव को दी जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की कमान, PDP-BJP सरकार बनवाने में थी बड़ी भूमिका

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। चुनाव आयोग ने भी बीते हफ्ते मतदान और परिणाम की तारीखों का ऐलान कर दिया है। जम्मू-कश्मीर में चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा फैसला किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगामी जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव और केन्द्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

पीडीपी-बीजेपी सरकार के गठन में थी भूमिका

राम माधव को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी देने की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि साल 2015 में जम्मू-कश्मीर में पीडीपी-बीजेपी सरकार के गठन में राम माधव ने अहम भूमिका निभाई थी। वह तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य में सत्ता साझेदारी के लिए भाजपा और पीडीपी द्वारा तैयार किए गए सामान्य न्यूनतम कार्यक्रम के सह-वास्तुकार भी थे।

चुनाव समिति का भी हुआ था गठन

इससे पहले भाजपा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव समिति का गठन किया था। समिति में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना, सांसद डॉ जितेंद्र सिंह, सांसद जुगल किशोर शर्मा , राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना, संगठन महासचिव अशोक कौल, और पूर्व उपमुख्यमंत्री  डॉ निर्मल सिंह,पूर्व डिप्टी सीएम कवींद्र गुप्ता, सुनील शर्मा, विबोध गुप्ता, डॉ. देविंदर कुमार मन्याल, डॉ. दरक्षण अंद्राबी, देविंदर सिंह राणा, अजय भारती  और संजीता डोगरा शामिल हैं। जी किशन रेड्डी, तरुण चुघ, आशीष सूद और डॉ. नरिंदर सिंह समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य हैं।

जम्मू-कश्मीर में कब हैं चुनाव?

भारतीय निर्वाचन आयोग ने बीते शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया था। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव तीन फेज में होंगे। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होंगे। वहीं, विधानसभा चुनाव के परिणाम 4 अक्टूबर को आएंगे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button