उत्तर प्रदेशप्रयागराजबड़ी खबर

पूरे मंत्रिमंडल के साथ त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाएंगे सीएम योगी

  • कैबिनेट बैठक के बाद त्रिवेणी संगम की पावन धारा में पूरे मंत्रिमंडल के साथ करेंगे स्नान
  • श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाने के लिए बदला बैठक का स्थान
  • मेला प्राधिकरण के बजाय अरैल के त्रिवेणी संकुल में बुधवार को आयोजित होगी बैठक
  • 2019 कुम्भ में भी सीएम योगी ने पूरी कैबिनेट के साथ लगाई थी संगम में आस्था की डुबकी

महाकुम्भ नगर। प्रयागराज महाकुम्भ में बुधवार 22 जनवरी को योगी सरकार की कैबिनेट बैठक हो रही है। इस बैठक में योगी सरकार के सभी 54 मंत्रियों को बुलाया गया है। इस बैठक में प्रदेश को कई सौगात देने वाली योजनाओं और प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरे मंत्रिमंडल के साथ त्रिवेणी संगम की पावन धारा में डुबकी भी लगाएंगे। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2019 कुम्भ मेले में भी अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ संगम में डुबकी लगाई थी। तब मुख्यमंत्री के साथ अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि और अन्य साधु संतों ने भी संगम में स्नान किया था।

12 बजे शुरू होगी बैठक

महाकुम्भ में योगी सरकार की बैठक में शामिल होने के लिए यूपी सरकार के सभी 54 मंत्रियों को बुलाया गया है। यह बैठक अरैल के त्रिवेणी संकुल में दोपहर 12 बजे शुरू होगी। संगम में स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसके लिए अरैल में बैठक करने का फैसला लिया गया है। पहले ये बैठक मेला प्राधिकरण के सभागार में होनी थी, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बाद में बैठक का स्थान बदल दिया गया। क्योंकि अगर मेला प्राधिकरण के सभागार में मंत्रियों की बैठक की जाती है तो वीआईपी सुरक्षा के चलते श्रद्धालुओं को दिक्कत हो सकती थी।

सभी मंत्री करेंगे विधिवत पूजन

बैठक के बाद सभी मंत्री अरैल वीआईपी घाट से मोटर बोट के जरिए संगम जाएंगे। यहां सीएम योगी समेत सभी मंत्री विधिवत पूजन करेंगे। इसके बाद संगम तट पर बनी जेटी के जरिये त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाएंगे। जानकारी के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्रदेव सिंह, बेबी रानी मौर्य, जयवीर सिंह, लक्ष्मी नारायण चौधरी, धर्मपाल, नंदगोपाल नंदी और अनिल राजभर सहित सभी 21 मंत्री और बाकी स्वतंत्र प्रभार वाले और राज्यमंत्री सहित कुल 54 मंत्री कैबिनेट बैठक में शामिल होने के बाद विधिवत संगम में स्नान करेंगे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button