उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ के ‘आम महोत्सव’ में मची लूट, जिसे जो मिला उसी में भर कर ले गया; कुछ सेकेंड में ही खाली हो गई टेबल

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में सीएम योगी ने हाल ही में आम महोत्सव का उद्घाटन किया था। इस आम महोत्सव में दुनिया भर के आमों की प्रदर्शनी रखी गई। हालांकि अब आम महोत्सव खत्म हो गया है। इन सबके बीच लखनऊ के आम महोत्सव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां आम महोत्सव खत्म होते ही अफरा-तफरी मच गई। यहां जैसे ही समापन का ऐलान हुआ, उसके बाद डिस्प्ले में लगे आमों पर भीड़ टूट पड़ी। लोगों ने प्रदर्शनी में सजे आम लूट लिए। इस दौरान आम महोत्सव का आयोजन लूट के मैदान में बदल गया।

लोगों ने लूटे आम

आम महोत्सव में आमों की लूट का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लोगों को डिस्पले पर रखे गए आमों को लूटते हुए देखा जा सकता है। यहां कुछ ही सेकेंड में आम से भरी टेबलें खाली हो गईं। आमों की लूट में क्या महिलाएं, क्या बच्चे और क्या बुजुर्ग, जिसे जहां मौका मिला, जैसे मौका मिला वैसे ही आम लूट लिया। आम लूटने में कोई भी पीछे नहीं रहा। बता दें कि आम महोत्सव का आयोजन लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में 4 जुलाई से 6 जुलाई के बीच किया गया था।

सीएम योगी ने किया था उद्घाटन

दरअसल, सीएम योगी ने बीते शुक्रवार को लखनऊ में आम महोत्सव का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने किसानों को अपनी आय बढ़ाने के लिए हर साल एक अतिरिक्त फसल उगाने की सलाह भी दी थी। सीएम योगी ने यहां कहा, ‘‘आम महोत्सव जैसे मंच न केवल उत्सव होते हैं, बल्कि वे खरीदारों, विक्रेताओं, वैज्ञानिकों और किसानों को आपसी लाभ के लिए ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान करने का मौका भी देते हैं।’’ सीएम योगी ने किसानों को साल में एक अतिरिक्त फसल लेने की सलाह देते हुए कहा, ‘‘औरैया जैसे क्षेत्रों में किसान आधुनिक तरीकों से सालाना तीन फसलें आलू, मक्का और फिर धान उगा पा रहे हैं।’’ आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘एक किसान ने एक एकड़ मक्का से एक लाख रुपये का मुनाफा कमाया। यही उन्नत कृषि की ताकत है।’’

चर्चा में ‘योगी आम’

इस आम महोत्सव में सीएम योगी ने आमों का जायजा भी लिया। इस दौरान सीएम योगी की नजर ‘योगी आम’ किस्म के आम पर पड़ी। इस आम को देखने के बाद खुद को रोक नहीं सके और मुस्कुराने लगे। सीएम योगी ने वहां मौजूद लोगोंं से कहा ऐसे ढाई से तीन किलो तक के आम देखकर आश्चर्य होता है। यह न केवल स्वाद में बेजोड़ हैं, बल्कि वैश्विक बाजार में उत्तर प्रदेश की शान बढ़ा रहे हैं। बता दें कि आम महोत्सव में देशभर से 800 से अधिक किस्म के आम लाए गए थे और इनकी प्रदर्शनी लगाई गई थी।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button