उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

Diwali 2025: ‘दीपोत्सव-2025’ के लिए अयोध्या तैयार, मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आज होगी शुरुआत

लखनऊ। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या भव्य दीपोत्सव के नौवें संस्करण के लिए तैयार है जिसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रविवार को होगी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर रविवार को लिखा, ‘‘भव्य और दिव्य ‘दीपोत्सव-2025’ के लिए श्री अयोध्या जी तैयार हैं, आप सभी का स्वागत है। जय श्री राम!।’’

इस पोस्ट में सजी हुई अयोध्या का एक वीडियो भी साझा किया गया है। राज्य में 2017 में आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनने के बाद अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का सिलसिला शुरू हुआ। इस वर्ष नौवें दीपोत्सव के लिए व्यापक तैयारी की गई है। एक अधिकारी ने बताया कि धर्मपथ से लेकर लता चौक, रामकथा पार्क और सरयू घाट तक हर कोना रोशनी और भक्ति से जगमगाएगा।

एक बयान के अनुसार, डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देशन में दीपोत्सव-2025 को ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस आयोजन में 33,000 स्वयंसेवकों की भूमिका अहम रहेगी, जो 26,11,101 दीयों को प्रज्ज्वलित कर ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ बनाएंगे। यह कीर्तिमान बनाने के लिए 28 लाख से ज्यादा दीये बिछाए जा चुके हैं। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के हवाले से एक बयान में कहा गया कि यह दीपोत्सव ‘‘अलौकिक और अविस्मरणीय होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या से समता और समरसता का संदेश पूरे विश्व में पहुंचेगा।’’ उन्होंने कहा कि सरयू तट के 56 घाट पर विश्वविद्यालय के 2,000 से अधिक सदस्यों की टीम तैनात है। दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि 28 लाख से अधिक दीए बिछाए जा चुके हैं। ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ की टीम घाटवार दीयों की गणना कर रही है। घाट संख्या-10 पर विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने 80,000 दीयों से ‘स्वास्तिक’ का चिह्न बनाने की व्यवस्था की है। इस आयोजन के लिए सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर पहचान-पत्र (आईडी कार्ड) के बिना प्रवेश वर्जित रहेगा।

अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के पश्चात रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे से राम की पैड़ी पर ‘‘लेजर शो, लाइट एंड साउंड शो और ड्रोन शो’’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मौके पर अयोध्या नगरी असंख्य दीयों की रोशनी में जगमगाएगी और सरयू तट से उठती भक्ति ध्वनि पूरे वातावरण को आलोकित करेगी। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव की निरंतरता बनाए रखने के लिए 20 अक्टूबर को भी शाम सात बजे से राम की पैड़ी पर ‘लेजर, लाइट एंड साउंड एवं ड्रोन शो’ का आयोजन किया जाएगा।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button