उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

यूपी विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 19 से 24 दिसंबर तक, 22 दिसंबर को अनुपूरक बजट होगा पेश

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 19 से 24 दिसंबर तक चार दिन चलेगा। विधानमंडल सचिवालय के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे की ओर से विधायकों को आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। कार्यसूची कार्यक्रम विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्वीकृत किया गया है। विधानमंडल सत्र के दौरान 22 दिसंबर को अनुपूरक बजट पेश होगा, इसे लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहेगी।

प्रमुख सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सत्र की शुरुआत 19 दिसंबर (शुक्रवार) को होगी, जबकि 20 दिसंबर (शनिवार) और 21 दिसंबर (रविवार) को बैठक नहीं होगी। इसके बाद 22 दिसंबर (सोमवार) को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अनुपूरक अनुदानों की मांगें प्रस्तुत की जाएंगी। यह प्रस्तुति दोपहर 12:20 बजे सदन में की जाएगी । कार्यसूची के अनुसार, 22 दिसंबर को अनुपूरक बजट की प्रस्तुति के साथ ही विधायी कार्य भी संपन्न होंगे। 23 दिसंबर (मंगलवार) को विधायी कार्यों के साथ अन्य कार्यों पर विचार किया जाएगा, जबकि 24 दिसंबर (बुधवार) को अनुपूरक अनुदानों पर चर्चा, मांगों पर विचार, मतदान और उनसे संबंधित विनियोग विधेयक को सदन की अनुमति से पुनः प्रस्तुत कर पारित किया जाएगा।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सत्र के दौरान पूर्व में प्रख्यापित अध्यादेशों के स्थानापन्न विधेयक और कुछ नए विधेयकों को सदन में विचारार्थ लिए जाने की संभावना है। इन विधेयकों को किस क्रम में लिया जाएगा, इसकी सूचना विधायकों को यथासमय अलग से दी जाएगी। जारी सूची के अनुसार, जिन अध्यादेशों के स्थानापन्न विधेयक सदन में लाए जा सकते हैं, उनमें पेंशन, निजी विश्वविद्यालय, नगर निगम, दुकान एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, शिक्षा सेवा चयन आयोग सहित कुल आठ अध्यादेश शामिल हैं। इस संबंध में सूचना मुख्यमंत्री, राज्यपाल सचिवालय, विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, सभी मंत्रियों, मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों सहित संबंधित विभागों को भी भेज दी गई है। साथ ही विधानसभा सचिवालय की वेबसाइट पर भी कार्यसूची अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button