कारोबार

पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर, कच्चा तेल 92 डॉलर प्रति बैरल के करीब

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 92 डॉलर प्रति बैरल के करीब है। पिछले तीन महीनों में क्रूड ऑयल में एक चौथाई की गिरावट आई है। दरअसल वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती के कारण तेल की मांग प्रभावित होने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आई है। इसके बावजूद घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शनिवार को भी कोई बदलाव नहीं हुआ।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपये और डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर है। मायानगरी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 106.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल का भाव 94.27 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, कोलकाता में पेट्रोल 106.03 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.76 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इसी तरह चेन्नई में पेट्रोल 102.63 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.24 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हफ्ते के अंतिम दिन शुरुआती कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड 0.51 सेंट की तेजी के साथ 91.36 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेंड कर रहा है। इसी तरह यूएस वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी 0.01 सेंट चढ़कर 85.11 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। दरअसल फरवरी में इसकी कीमत 139 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई थी, जो साल 2008 के बाद इसका उच्चतम स्तर था। हालांकि, उसके बाद इसमें काफी गिरावट आई है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने गत 22 मई से पेट्रोल-डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती की थी। इसके बाद देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम कमी आई थी। कारोबारी लिहाज से देखें तो पेट्रोल के मुकाबले डीजल बनाना महंगा पड़ता है, लेकिन भारत के खुले बाजार में पेट्रोल महंगा बिकता है, जबकि डीजल सस्ता बिकता है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में कमी के बावजूद दोनों ईंधनों के दाम स्थिर हैं।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button