उत्तर प्रदेशप्रयागराजलखनऊ

उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने अपनी जान को बताया खतरा, सरकार से लगाई सुरक्षा की गुहार

प्रयागराज: उमेश पाल हत्याकांड के मामले में SC-ST की कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ ट्रायल शुरू हो गया है। कोर्ट की सुनवाई में उमेश पाल की पत्नी जया पाल भी पेश हुईं। कोर्ट में उनका बयान दर्ज किया गया। इस दौरान जया पाल ने फिर से अपनी जान को खतरा बताया है। जया पाल ने योगी सरकार से जान की रक्षा करने की गुहार भी लगाई। जया पाल ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

जया पाल ने जान को बताया खतरा

दरअसल, उमेश पाल हत्याकांड को दो साल हो गया है, लेकिन हमला करने वाले माफिया अतीक के गुर्गे गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान अब तक नहीं पकड़े गए हैं। इन तीनों पर 5-5 लाख का इनाम भी घोषित है, जबकि अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और अशरफ की पत्नी भी फरार हैं। ऐसे में जया पाल को जान का खतरा महसूस हो रहा है। जया पाल का साफ कहना है कि अतीक के लोग उनकी जान के दुश्मन बने हैं।

लगातार मिल रही धमकियां

जया पाल का कहना है कि उनको सोशल मीडिया पर भी धमकी दी जा रही है कि उमर और अली को आने दो हिसाब चुकता होगा। जया पाल ने कहा, “जो अभियुक्त फरार हैं, उन्हें भी पकड़ा जाए, क्योंकि मेरी जान को आज भी खतरा है। फेसबुक के माध्यम से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। कहा जा रहा है कि आरडीएक्स से मार दिया जाएगा, मेरी हत्या कर दी जाएगी। मेरे पति की निर्मम हत्या कर दी गई थी, क्या उसी तरह से मेरे साथ भी ऐसा होगा।”

जया पाल ने की न्याय की मांग

उन्होंने आगे कहा, “मैं न्याय चाहती हूं, मुझे न्याय चाहिए बस। मैं न्यायालय में न्याय के लिए खड़ी हूं। मुझे आप लोगों के द्वारा न्याय चाहिए। उनका गैंग अभी भी एक्टिव है। उनका एक व्यक्ति आकर शांत रहने का इशारा करता है, इसका क्या मतलब है।” बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद से जया पाल की सुरक्षा में कई पुलिसकर्मी उनके घर पर हमेशा तैनात रहते हैं, लेकिन अब कोर्ट की सुनवाई के लिए उनको घर से बाहर निकलना पड़ रहा है। जया पाल को खतरा महसूस हो रहा है। पिछली सुनवाई में भी उन्होंने रेकी करने की बात कही थी।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button