उत्तर प्रदेशलखनऊ

ईडी के छापेमारी में मिला 43 लाख नकद और कई अहम दस्तावेज, मोनाड यूनिवर्सिटी से जुड़े फर्जी डिग्री घोटाले का मामला

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली व हरियाणा के 15 ठिकानों पर छापेमारी की। ईडी की यह कार्रवाई मोनाड यूनिवर्सिटी से जुड़े फर्जी डिग्री घोटाले की जांच के दौरान की गई। छापेमारी के दौरान टीम को 43 लाख रुपये नकदी, अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले।

प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापेमारी के संबंध में शुक्रवार देर रात को सूचना जारी की। साथ ही अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर जानकारी दी। ईडी के अधिकारी के मुताबिक गुरुवार की छापेमारी के दौरान 43 लाख रुपये, कई गोपनीय दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किये गये हैं। सारे दस्तावेज फर्जी डिग्रियों की बिक्री और कथित धनशोधन से जुड़े बताए जा रहे हैं।

तीन राज्यों में एक साथ हुई छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में एक साथ 15 ठिकानों पर छापेमारी की। एजेंसी की टीमें नोएडा, लखनऊ, गाजियाबाद, दिल्ली और गुरुग्राम सहित कई स्थानों पर पहुंचीं और संदिग्ध लोगों के आवासों व कार्यालयों की तलाशी ली। इस दौरान डिजिटल डेटा, ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और फर्जी डिग्री से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

यह था मामला

यूपी एसटीएफ ने 18 मई को मोनाड विश्वविद्यालय में छापा मारा था। छापेमारी के दोरान बड़ी संख्या में जाली शैक्षणिक दस्तावेज बरामद हुए। जिसमें अंकपत्र, डिग्री, प्रोविजनल सर्टिफिकेट व माइग्रेशन सर्टिफिकेट शामिल थे। ये सारे मोनाड विश्वविद्यालय पिलखुआ हापुड़ द्वारा जारी किये गये थे। आरोपियों ने हजारों रुपये लेकर ये सारे दस्तावेज बेचे थे। इस मामले में एसटीएफ ने तत्काल दस आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ पिलखुआ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

जांच में सामने आया कि विजेंद्र सिंह उर्फ विजेंद्र सिंह हुड्डा इस संगठित गिरोह का मास्टरमाइंड और सरगना है। वह मोनाड विश्वविद्यालय का कुलाधिपति और नियंत्रक अधिकारी है। साथ ही इसकी जानकारी हुई कि वह सरस्वती मेडिकल कॉलेज, उन्नाव का सचिव भी है। इस मामले में एसटीएफ 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दिया है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button