उत्तर प्रदेशलखनऊ

योगी के बाद अब केशव ने की शिवपाल की तारीफ

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को विधान सभा में सपा मुखिया अखिलेश यादव के चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव की जमकर तारीफ की। केशव मौर्य ने इस दौरान सपा मुखिया पर निशाना भी साधा।

विधानसभा में आज बजट पर चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा मुखिया और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बजट पर चर्चा के समय अखिलेश यादव को आज सदन में होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल की तारीफ की और उन्हें लोहिया का सच्चा अनुयायी बताया।

गौरतलब है कि शिवपाल यादव इस समय खास चर्चा में हैं। शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री और नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने भी विधानसभा में चाचा शब्द का जिक्र करते हुए शिवपाल की सराहना की थी। उस समय अखिलेश यादव भी सदन में उपस्थित थे और उन्होंने कहा था कि अभी तक तो वह मेरे ही चाचा थे, लेकिन अब तो नेता सदन भी उन्हें चाचा कह रहे हैं। विधान सभा में आज बजट पर चर्चा हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने अपना-अपना तर्क रखा। हालांकि मुख्यमंत्री और नेता सदन योगी आदित्यनाथ आज सदन में उपस्थित नहीं रहे।

ओम प्रकाश राजभर ने उठाया जातीय जनगणना का मुद्दा

बजट पर हो रही चर्चा के दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने सरकार से जातीय जनगणना कराने की मांग की। अपने संबोधन में उन्होंने महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई मुद्दों पर सरकार की जमकर खिंचाई भी की। उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट में मंहगाई से निपटने का कोई इंतजाम नहीं किया है।

कांग्रेस ने की विधायक निधि बढ़ाने की मांग

विधान सभा में कांग्रेस दल की नेता आराधना मिश्रा ने विधायक निधि को बढ़ाकर पांच करोड़ तक किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का असर विधायकों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को विधायक निधि में इजाफा करते हुए विधायकों को मिलने वाले महंगाई भत्ते में भी बढ़ोत्तरी करना चाहिए।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button