उत्तर प्रदेशलखनऊ

कांग्रेस में शामिल होंगे भाजपा नेता कुंवर सिंह निषाद

  • बृजलाल खाबरी 18 दिसंबर को कराएंगे पार्टी में शामिल
  • कई बड़े आंदोलन कर जेल जा चुके हैं कुंवर निषाद

लखनऊ। भाजपा के तेजतर्रार आंदोलनकारी युवा नेता रहे कुंवर सिंह निषाद अब कांग्रेस का दामन थामने जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी युवा नेता कुंवर सिंह निषाद को पार्टी जॉइन कराने के लिए स्वयं मथुरा जा रहे हैं। कुंवर सिंह निषाद भाजपा के युवा संगठन भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं।

इससे पूर्व निषाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में अनेकों पदों पर रहे हैं। कुंवर सिंह निषाद ने सन 2021 में भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देकर, भाजपा सरकार के खिलाफ ही निषाद कश्यप समाज को सामाजिक न्याय और आरक्षण की मांग को लेकर प्रदेश भर में पैदल मार्च निकाल दिया था। वाराणसी में उनकी पैदल यात्रा पर पुलिस के द्वारा बर्बर लाठीचार्ज हुआ था जिसमें कुंवर सिंह निषाद को गंभीर चोट आई थी। इसके बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली के एम्स में उनका इलाज कराया था तभी से निषाद कांग्रेस आलाकमान के संपर्क में बने हुए थे।

वर्ष 2014 में गोकुल बैराज के पीड़ित किसानों को मुआवजे की मांग को लेकर कुंवर निषाद मथुरा में एक बड़ा किसान आंदोलन कर चुके हैं जिसमें भयंकर आगजनी और खूनी संघर्ष हुआ था जिसमें सैकड़ों किसान और पुलिसकर्मी घायल हुए थे । बवाल के दौरान निषाद भी गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें 6 माह जेल काटनी पड़ी थी, हालांकि लंबी लड़ाई के बाद किसानों को एक हजार करोड़ से अधिक राशि का मुआवजा मिला था।

कुंवर निषाद की उत्तर प्रदेश में अपने समाज के युवाओं में बहुत मजबूत पकड़ मानी जाती है। कांग्रेस सूत्रों के हवाले से यह समाचार मिला है कि कांग्रेस पार्टी कुंवर सिंह निषाद की पत्नी को मथुरा महापौर पद हेतु कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर सकती है। मथुरा वृंदावन नगर निगम महापौर सीट पिछड़ा वर्ग महिला कोटे में आरक्षित है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button