उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ यूपी के हर विधानसभा क्षेत्र में एक मिनी स्टेडियम और हर मंडल में स्पोटर्स कॉलेज बनाए जाएं : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में एक मिनी स्टेडियम और मंडल स्तर पर एक स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार की रात खेल, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि खेल से संबंधित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इन कार्यों की अलग-अलग स्तर पर मंत्री से लेकर अधिकारियों तक समय-समय पर समीक्षा की जाए ताकि सारे विकास कार्य समय से पूरे हो सकें।

मुख्यमंत्री योगी ने बैठक में कहा कि प्रदेश के प्रत्येक मंडल पर एक स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जाए। इन स्पोर्ट्स कॉलेज को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के आधार पर विकसित किया जाए। साथ ही इन्हे स्पोटर्स यूनिवर्सिटी से जोड़ा जाए ताकि यहां पर खिलाड़ियों को इंटरनेशनल सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवान और मंगल दलों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए। इसके साथ ही पीआरडी जवानों को ट्रैफिक नियमों का प्रशिक्षण प्रदान कर ट्रैफिक नियंत्रण में सहयोग लिया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश भर में तेजी से स्पोटर्स इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है। इसके तहत खेल विभाग द्वारा प्रदेश में स्टेट स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, स्पोटर्स कॉलेज, स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। इनकी गुणवत्ता पर फोकस किया जाए। सारे निर्माणधीन कार्य समय से पूरे हों, इसके लिए समय-समय पर मॉनीटरिंग की जाए। मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिये कि इन निर्माण कार्यों की हर माह मंत्री स्तर, हर 15 दिनों पर प्रमुख सचिव स्तर और साप्ताहिक स्तर पर उच्च अधिकारियों द्वारा समीक्षा की जाए ताकि सभी निर्माण कार्य समय से पूरे हो सकें।

उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाए। प्रदेश के हर मंडल पर स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया तेज की जाए। इस पर अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में तीन मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित हैं, जबकि तीन मंडल में निर्माणकार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शेष 12 मंडलों में भी स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी हो ताकि प्रदेश में अच्छे नये खिलाड़ी तैयार हो सकें। खेलों के विकास के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत, विकासखंड, जनपद, मंडलस्तर और राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को आयोजित किया जाए ताकि छिपी हुई खेल प्रतिभाओं की स्क्रीनिंग कर उन्हे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार किया जा सके। मुख्यमंत्री ने हर जिले में हर आयु वर्ग के लिए खेल प्रतियोगिता का आयोजन कराने काे कहा। वहीं लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोटर्स कॉलेज में बनने वाले स्पोटर्स एंड इंजरी मैनेजमेंट सेंटर में एसजीपीजीआई या केजीएमयू का सहयोग लिया जाए। इसके अलावा खेल विभाग के विभिन्न रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों और मंगल दलों के सदस्यों को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण देकर आपदा मित्र की भी जिम्मेदारी दी जाए। इसके साथ ही पीआरडी जवानों को ट्रैफिक मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी जाए। इनका यातायात नियंत्रण में सहयोग लिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगल दल को वितरित होने वाली स्पोटर्स किट की मॉनीटरिंग की जाए। इसके अलावा मंगल दल को भी एमपी-एमएलए खेल प्रतियोगिता से जोड़ा जाए। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग से संबंधित सभी निर्माणाधीन कार्यों को समय से पूरा किया जाए।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button