उत्तर प्रदेशलखनऊ

युवाओं को रोजगार से जोड़ना केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता : अनुप्रिया पटेल

लखनऊ। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ना केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के 40 स्थानों पर 17वें रोजगार मेले को संबोधित किया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भी रोजगार मेले का आयोजन किया गया।

अनुप्रिया पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में कौशल विकास और रोजगार सृजन को लेकर अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से जारी हैं। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिए मंत्र “नागरिक देवो भव:” को लेकर चलना चाहिए क्योंकि ये सरकारी नौकरी सिर्फ रोजगार नहीं बल्कि देश निर्माण में योगदान का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि इस सरकारी नौकरी को पाने के बाद आप सभी यह प्रयास करें कि देश का कोई भी नागरिक अगर आपके पास आता है तो उसकी अपेक्षाओं को बेहतर ढंग से आप पूरा कर सके क्योंकि हम सभी नागरिकों को बेहतर सेवाएं देकर ही अपने काम में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकते हैं।

बयान के मुताबिक, इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 300 से अधिक प्रतिभागियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें से 25 प्रतिभागियों को केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने नियुक्ति पत्र सौंपे। केंद्रीय मंत्री ने उल्लेख किया कि विश्व के कार्यबल में भविष्य में लगभग 24 प्रतिशत की हिस्सेदारी भारत के युवाओं की होगी।

उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार द्वारा इस रोजगार मेले की श्रृंखला को प्रारंभ किया था तो 10 लाख सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया था। अनुप्रिया ने कहा, “हम उस लक्ष्य को पूरा भी कर चुके हैं और मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि हम इससे आगे भी निकल चुके हैं।”

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button