उत्तर प्रदेशलखनऊ

सीतापुर में पलटी बेकाबू एंबुलेंस, महिला समेत चार लोगों की मौत, उत्तराखंड से जा रही थी वाराणसी

सीतापुर। सीतापुर जिले में शुक्रवार को सुबह टायर फटने के बाद बेकाबू हुई एक एंबुलेंस कुछ लोगों को टक्कर मारने के बाद पलट गई, जिससे एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सीतापुर जिले के अटरिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह करीब छह बजे हुआ। एम्बुलेंस उत्तराखंड से एक मरीज को वाराणसी ले जा रही थी, तभी अचानक उसका एक टायर फट गया और वह बेकाबू हो गई।

पुलिस ने बताया कि बेकाबू एम्बुलेंस ने एक महिला और उसके बच्चे समेत तीन लोगों को कुचल दिया और सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में महिला और एम्बुलेंस में बैठे तीन अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, एम्बुलेंस में मरने वाले तीन लोगों की पहचान देहरादून के मरीज विशाल पांडेय (40), एंबुलेंस चालक गुरमीत (42) और उनके साथ मौजूद एक अनजान व्यक्ति के रूप में हुई है। एंबुलेंस की चपेट में आई करीब 40 साल की महिला की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, जबकि हादसे में घायल 12 साल की लड़की और एक अन्य व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से अटरिया के सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र (सीएचसी) ले जाया गया। अटरिया पुलिस ने बताया कि शुरुआती इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, इसलिए दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दुर्गेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। उन्‍होंने कहा कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वजह से कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने बहाल किया। सिंह ने यहां कहा कि घटना की जांच चल रही है और बाकी मृतकों की जल्द ही पहचान कर ली जाएगी। परिवारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button