उत्तर प्रदेशमथुरा

राष्ट्रपति की सुरक्षा में वृंदावन में तैनात रहेंगे आधा दर्जन लंगूर

मथुरा। आज देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद वृंदावन दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए भगवान बांके बिहारी मंदिर पर कई लंगूरोंं की तैनाती की गई है। लंगूर की तैनाती इसलिए की गई है कि राष्ट्रपति के चश्मे को कहीं वृंदावन के उत्पाती बंदर ना ले उड़ें।

गौरतलब हो कि राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के वृंदावन दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने अंतिम रूप दे दिया है। सुरक्षा के लिए ब्रीफिंग, डी ब्रीफिंग कर ली गई है। कृष्णा कुटीर से बांके बिहारी मंदिर तक 7 किलोमीटर के रास्ते में 1350 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

रविवार शाम अपर आयुक्त सत्येंद्र तिवारी से जब लंगूर की तैनाती को लेकर बात की गई तो उन्होंने बताया कि आधा दर्जन लंगूर की तैनाती राष्ट्रपति की सुरक्षा में की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वन विभाग को 6 लंगूरोंं को अरेंज कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व भगवान बांके बिहारी मंदिर पर आधा दर्जन लंगूरों की तैनाती कर दी जाएगी। भगवान बांके बिहारी मंदिर को जाने वाले सभी मार्गों पर लंगूर बंदरों की तैनाती की जाएगी।

4 माताएं करेंगी स्वागत, 6 जायेंगी बांके बिहारी मंदिर

राष्ट्रपति के वृंदावन आगमन पर कृष्णा कुटीर में उनका स्वागत वहां रह रही 4 माताएं तिलक लगाकर करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री बांके बिहारी मंदिर जायेंगे। इस दौरान उनके साथ 6 माताएं भी बांके बिहारी के दर्शन करने जायेंगी। दर्शन करने के बाद महामहिम का काफिला कृष्णा कुटीर पहुंचेगा, जहां वह माताओं के साथ हाई टी लेंगे।

एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि ब्रीफिंग में सभी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। सभी अधिकारियों ने ड्यूटी प्वाइंट चैक कर लिए हैं फोर्स की मौजूदगी चैक कर ली गई है। पुख्ता सुरक्षा घेरे में वीआईपी विजिट पूरी हो इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस तैयार है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button