उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ में सरसों के खेत में कंकाल, पास से साड़ी मिलने से महिला के होने का शक, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ शहर के बाहरी इलाके में बुधवार को सरसों के एक खेत से एक कंकाल बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस को शक है कि यह कंकाल पिछले महीने लापता हुई एक महिला का है। पुलिस ने बताया कि नगराम थानाक्षेत्र के कुबेहरा गांव के पास मिले कंकाल को डीएनए जांच के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, पूर्वाह्न करीब 10 बजे एक स्थानीय निवासी चंद्रप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में गोमती नदी के इलाके में सरसों के एक खेत में कंकाल के अवशेष पड़े हैं। पुलिस टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि कंकाल की तुरंत पहचान करना मुश्किल था हालांकि, अवशेषों के पास मिली एक साड़ी के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि यह एक महिला का है।

पुलिस के मुताबिक, मौके से बरामद साड़ी की पहचान उसी गांव के रहने वाले पीतांबर नाम के एक व्यक्ति ने की और बताया कि यह साड़ी उसकी पत्नी पूनम (30) की है। पुलिस ने बताया कि जिस खेत में कंकाल मिला है, वह पीतांबर के घर से करीब 300 मीटर दूर है।

पुलिस के मुताबिक, पीतांबर ने 13 दिसंबर, 2025 को नगराम थाने में अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी और जांच के दौरान पता चला कि पूनम के दो बच्चे थे तथा वह एक पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के संपर्क में थी। पुलिस ने बताया कि पूनम के लापता होने से करीब दो महीने पहले उसके पति ने इस बात पर उसका मोबाइल फोन कथित तौर पर छीन लिया था, जिसके बाद वह घर छोड़कर चली गई थी।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान फोन कॉल की विस्तृत जांच की गई और कई ग्रामीणों व अन्य संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि महिला के परिवार वालों ने उसके पति पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। अपर पुलिस उपायुक्त (लखनऊ दक्षिण) वसंत कुमार ने बताया कि कंकाल को डीएनए जांच के लिए भेज दिया गया है। कुमार ने बताया, “डीएनए परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद हम उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे। इस बीच हम मामले की गहन जांच कर रहे हैं।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button