आगराउत्तर प्रदेश

The Kashmir Files: ‘द कश्मीर फाइल्स’ नहीं दिखाने पर आगरा में भड़के हिंदूवादी संगठन, सिनेमाघरों में आग लगाने की दी धमकी

कश्मीरी पंडितों के पलायन और उनके साथ हुई बर्बरता पर बनी फिल्म कश्मीरी फाइल्स इन दिनों पूरे देश में सुर्खियों में छाई हुई है. उत्तर प्रदेश के आगरा की बात करें तो यहां हिंदूवादी संगठनों के कार्य़कर्ताओं ने इस फिल्म को सिनेमा घरों में दिखाए जाने को लेकर जमकर हंगामा किया. हिंदूवादी संगठनों की मांग है कि फिल्म को सभी सिनेमाघरों में रिलीज किया जाए. इसके साथ ही चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के भीतर फिल्म को रिलीज नहीं किया गया तो सिनेमाघरों में आग लगा दी जाएगी, हालांकि आगरा के कुछ सिनेमा हॉल में ये फिल्म रिलीज हो गई है, लेकिन इनमें अभी एक ही शो चलाया जा रहा है.

वहीं हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को संजय टॉकीज और पन्ना पैलेस के गेट पर ताला लगाकर जमकर हंगामा किया. कार्यकर्ताओं का कहना था कि कश्मीर फाइल्स का प्रदर्शन शहर के सभी सिनेमाघरों में किया जाए. दोनों सिनेमाघरों पर हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. संजय टॉकीज के मैनेजर ने प्रिंट मिलने पर फिल्म को प्रदर्शित करने का आश्वासन दिया. जिसके बाद यहां मामला शांत हो सका. वहीं पन्ना पैलेस में भी कार्यकर्ताओं ने हंगामा और तालाबंदी कर दी. यहां भी सिनेमाघर संचालक ने राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत किया.

‘सिनेमा हॉल में दिखाओ कश्मीर फाइल नहीं तो आग लगा दी जाएगी’

राष्ट्र हिन्दू परिषद भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोविंद पराशर का कहना है कि जिन सिनेमाघरों में कश्मीर फाइल्स मूवी रिलीज होगी उन्हें सम्मानित किया जाएगा. गोविंद पराशर का कहना है कि जल्द ही फ़िल्म को रिलीज नहीं किया तो सिनेमा घरों का बायकॉट किया जाएगा. उन्होंने सिनेमा हॉल के मालिकों को चेतावनी दी कि या तो फ़िल्म को रिलीज करो नहीं तो सिनेमा हॉल में आग लगा दी जाएगी. उन्होंने सभी सिनेमाघरों में कश्मीर फाइल्स प्रदर्शित करने की मांग की है.

कश्मीरी पंडितों पर हुए जुल्म को बयां करती है ये फिल्म

विवेक रंजन अग्निहोत्री के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म कश्मीरी पंडितों के दर्द को बयां करती है. इस फिल्म की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दर्शकों, क्रिटिक्स, अक्षय कुमार, कंगना रनोट समेत कई सेलेब्स ने जमकर तारीफ की है. फिल्म देखकर दर्शकों के रोने वाले वीडियोज वायरल हो रहे हैं. टिकट खिड़की पर भीड़ लग रही है. सोशल मीडिया पर फिल्म की जबरदस्त तारीफ हो रही हैं, जिसे लेकर लोगों में फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ रही है.

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button