उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

मां कल्याणी देवी के दरबार में रविवार से गूंजेंगे जयकारे, शारदीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वीबी-जी राम जी (विकसित भारत-जी राम जी) योजना के अंतर्गत प्रदेश में अधिकाधिक मानव दिवस सृजन के उद्देश्य से आगामी 12 अक्टूबर, 2026 को प्रदेशभर में ‘विशेष रोजगार सृजन दिवस’ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शनिवार को लखनऊ स्थित अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग से ग्राम्य विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रदेश के समस्त मुख्य विकास अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर विशेष अभियान की तैयारियों एवं मानव दिवस सृजन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने तथा 12 अक्टूबर को अधिकाधिक मानव दिवस सृजित कर नया रिकॉर्ड बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का एक बड़ा राज्य है और यहां ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के वयस्क सदस्यों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिवस तक अकुशल श्रम रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही टिकाऊ एवं जनोपयोगी परिसंपत्तियों का सृजन किया जाना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए श्रमिकों को उनकी मांग के अनुरूप समय से रोजगार उपलब्ध कराना आवश्यक है।

मौर्य ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में योजना के अंतर्गत अनुमन्य 375 कार्यों में से ऐसे कार्यों का चयन किया जाए, जिनमें अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही जनहित एवं जनोपयोगिता सुनिश्चित हो सके।

उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार को आवास का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान आज भी ऐसे पात्र परिवार मिलते हैं, जिन्हें आवास की आवश्यकता है। ऐसे परिवारों को चिह्नित कर पात्रता के आधार पर योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। आवास योजना के लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उनकी आजीविका के अवसर बढ़ाए जाएं, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि आवास योजना के लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग सौरभ बाबू, आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग प्रमोद कुमार उपाध्याय, मिशन निदेशक, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अरुण कुमार, अपर मिशन निदेशक जयनाथ यादव, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के समस्त जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी बैठक से जुड़े रहे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button