देशबड़ी खबर

भजनलाल शर्मा आज लेंगे राजस्थान के सीएम पद की शपथ, पीएम मोदी समेत कई बड़े नेता रहेंगे मौजूद

जयपुर। भजनलाल शर्मा शुक्रवार को यानी आज यहां राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की बैठक में उप मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में शर्मा के साथ ही ये दोनों नेता भी शपथ लेंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र तीनों को शपथ दिलाएंगे।

अल्बर्ट हॉल के बाहर दोपहर 12 बजे होने वाले इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि समारोह के लिए केंद्रीय नेताओं और राज्य के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजे गए हैं।

समारोह से पहले राजधानी के मुख्य मार्गों और प्रवेश मार्गों को सजाया गया है। इनमें भाजपा के झंडे और केंद्र सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े पोस्टर और बैनर भी लगाए गए हैं। राज्य में 200 में से 199 सीट पर हुए चुनाव में भाजपा ने 115 सीट पर जीत दर्ज की है। करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था जहां अब पांच जनवरी को मतदान होगा।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button