देशबड़ी खबर

बिहार चुनाव 2025 : CM योगी ने अखिलेश पर कसा तंज- हम सिर्फ नाम नहीं बदलते, वैश्विक मंच पर UP को नई पहचान भी दिलाई

समस्तीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि अब बिहार में भी माफिया पर कार्रवाई होगी और उनकी संपत्ति गरीबों में बांटी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बिहार को फिर से ज्ञान की भूमि के रूप में प्रतिष्ठित करेगी।

बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “जो लोग उत्तर प्रदेश से खारिज कर दिए गए हैं, वे कहते हैं कि हम केवल नाम बदलते हैं। हम सिर्फ नाम नहीं बदलते, हमने उत्तर प्रदेश के नाम को दुनिया के मंच पर पहुंचाया है।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, “जब बुलडोजर माफिया को कुचलता है और उनकी संपत्ति गरीबों में बांटी जाती है, तो यही सच्चा न्याय है। अब बिहार में भी ऐसे कदम उठाने की जरूरत है।” उन्होंने कहा कि बिहार को फिर से ज्ञान की भूमि के रूप में स्थापित करना है, बिहार के विकास को भारत के विकास से जोड़ना है, युवाओं को रोजगार देना है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।

योगी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में बिहार में आईआईएम, आईआईटी, एम्स और मेडिकल कॉलेजों का निर्माण हो रहा है। विकास के लिए इच्छाशक्ति चाहिए। राष्ट्रीय जनता दल-कांग्रेस के पास विकास का कोई मॉडल नहीं है।” उन्होंने विपक्ष पर आस्था का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, “जिन्होंने भगवान राम पर सवाल उठाए थे, वही आज छठी मइया पर सवाल कर रहे हैं।”

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना की सफलता राजग सरकार की उपलब्धियां हैं, जिन्होंने गरीबों और वंचितों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा, “आपका (जनता) उत्साह इस बात का संकेत है कि बिहार में फिर से राजग सरकार बनने जा रही है। मैंने बिहार के युवाओं की मेधा और बुद्धिमत्ता को नजदीक से देखा है। बिहार के युवाओं ने देश और दुनिया के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।”

भाजपा नेता ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, “आज जो लोग बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं, उन्होंने ही 20 वर्ष पहले बिहार को उसकी पहचान से वंचित कर दिया था। उन्होंने बिहार के युवाओं से उनके अधिकार और रोजगार छीन लिए, गरीबों के हक को लूटा और राज्य को जंगलराज में तब्दील कर दिया।”

आदित्यनाथ ने कहा कि जनता के सामने जो महागठबंधन है, वही वह गठबंधन है जिसने बिहार को अराजकता और असुरक्षा के दौर में धकेल दिया था। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का दौर शुरू हुआ और आज समय है कि इसी आधार पर बिहार को और आगे बढ़ाया जाए।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजग सरकार के कार्यकाल में राज्य के किसानों के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए ‘कार्गो’ और ‘ड्राई पोर्ट’ का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा, “बिहार की राजग सरकार ने विकास और विरासत के बीच उत्कृष्ट संतुलन स्थापित किया है।” इससे पहले योगी ने दरभंगा में रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button