देशबड़ी खबर

भाजपा ने ‘इंडिया’ को ‘स्वार्थी’ गठबंधन बताया, कुछ परिवारों के हितों को आगे बढ़ाने का लगाया आरोप

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को विपक्षी इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) की आलोचना करते हुए इसे ‘स्वार्थी गठबंधन’ करार दिया और दावा किया कि इसका उद्देश्य अपने सदस्य दलों के शीर्ष पर बैठे परिवारों के हितों को बढ़ावा देना और उनकी रक्षा करना है।

भाजपा के खिलाफ अपने एजेंडे को मूर्त रूप देने के लिए मुंबई में 28 विपक्षी दलों की बैठक के बीच सत्तारूढ़ पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस की ‘मिसाइल’ कभी सफल नहीं होगी क्योंकि इसमें ईंधन नहीं है।

उन्होंने देश के ऐतिहासिक चंद्रयान-3 मिशन की पृष्ठभूमि में संवाददाताओं से कहा कि भाजपा का चंद्रयान 2024 के लोकसभा चुनाव में तीसरी बार सफलतापूर्वक उतरेगा क्योंकि इसे विकास से बल मिला है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ ‘इंडिया’ गठबंधन में जिस न्यूनतम साझा कार्यक्रम (सीएमपी) पर चर्चा हो रही है, वह वास्तव में भ्रष्टाचार से अधिकतम लाभ कमाने के बारे में है क्योंकि ये सभी पार्टियां मिलकर 20 लाख करोड़ रुपये से अधिक के घोटालों में शामिल हैं।

’’ उन्होंने कहा कि उनका (विपक्षी गठबंधन) दूसरा उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक स्थिर और विकास समर्थक सरकार को झटका देना है। पात्रा ने कहा कि विपक्ष का साथ आने का प्रयास ‘म्यूजिकल चेयर्स’ के खेल जैसा है और ये दल हर चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ जुट जाते हैं।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति तब है जब उनका गठबंधन प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर आपसी लड़ाई और एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और लालू प्रसाद यादव जैसे नेताओं के लिए देश के विकास से ज्यादा महत्वपूर्ण राजनीति में अपने बच्चों का भविष्य संवारना है। उन्होंने दावा किया कि उनका लक्ष्य ‘अधिकतम परिवारवाद’ है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के पास न तो नीति है, न नीयत है और न ही कोई नेता है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button