देशबड़ी खबर

राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का हल्लाबोल… राजघाट पर जुटे कांग्रेसी, लेकिन प्रदर्शन की इजाजत नहीं

संसद की सदस्यता जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का एक दिवसीय संकल्प सत्याग्रह शुरू हो गया है. हालांकि दिल्ली पुलिस ने सत्याग्रह की इजाजत नहीं दी है. पुलिस ने धारा 144 का हवाला दिया है. इस सत्याग्रह में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी धरना भी देंगी. सत्याग्रह के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता आज देशभर में प्रदर्शन करेंगे और हर राज्य में गांधी प्रतिमा के सामने अपना विरोध दर्ज करेंगे.

कांग्रेस सूत्रों ने बताया है कि पार्टी नेताओं को पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी. बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी दिनभर के संकल्प सत्याग्रह में 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक धरने पर बैठेंगी. राजघाट पर संकल्प सत्याग्रह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर समेत कई नेता शामिल हुए हैं.

राहुल की लड़ाई के समर्थन में सत्याग्रह करेंगे- वेणुगोपाल

इस सत्याग्रह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे.पार्टी के संगठन महासचिव और वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर कहा है कि राहुल गांधी अकेले नहीं, बल्कि करोड़ों लोग उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं. वेणुगोपा ने कहा कि हम राहुल की लड़ाई के समर्थन में सत्याग्रह करेंगे.

गौरतलब है कि साल 2019 के मानहानि के एक मामले में राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने दो साल की सजा दी है. इसी दिन से राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द हो गई थी. राहुल गांधी ने कहा है कि मैं अपने बयान पर माफी नहीं मांगूंगा. राहुल ने कहा कि मुझे इसलिए अयोग्य ठहराया गया, क्योंकि मोदी सरकार संसद में मेरे अगले भाषण में अडानी के जिक्र से डर गई.

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button