उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

बड़े मंगल पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, अवध विहार में रुद्रा 11 का भव्य आयोजन

लखनऊ: राजधानी में चल रहे बड़े मंगल के पावन अवसर पर जगह-जगह भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में अवध विहार योजना सेक्टर-10बी में “रुद्रा 11” साथियों द्वारा चतुर्थ बड़े मंगल के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

भंडारे में हनुमान भक्तों के लिए पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल और अन्य प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां बज रहे भक्ति गीतों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। क्षेत्र के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।

इस अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ0 राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि शैलेन्द्र सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बड़े मंगल केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में सेवा, भाईचारे और एकता का संदेश भी देता है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से परिचित कराते हैं।

कार्यक्रम में एसकेडी कॉलेज की एडमिन सुमन सिंह, पत्रकार सतीश त्रिपाठी, पत्रकार अशोक मिश्र सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और आयोजन की सफलता में अपनी सहभागिता निभाई।

रुद्रा 11 के कप्तान विवेक त्रिवेदी ने बताया कि उनकी टीम पिछले कई वर्षों से बड़े मंगल के अवसर पर सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है और इसी भावना के साथ हर वर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है।

दोपहर तक भंडारे में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। पूरे क्षेत्र में “जय बजरंगबली” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक परंपराओं को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।

इस दौरान आवास विकास के अन्य अधिकारीगण के अलावा रुद्रा 11 टीम के अन्य सहयोगियों में हर्ष, तुषार, हिमांशु, आशीष, शिवा, जावेद, उपेंद्र, सीबू, आदर्श, दुर्गेश, अशरफ, विकास, मोनू, संतोष सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button