देशबड़ी खबर

गांधी परिवार के पास है दुनिया का सबसे खतरनाक ‘बम’ : केशव मौर्य

बिहार चुनाव जैसे-जैसे निर्णायक दौर की ओर बढ़ रहा है,नेताओं की जुबानी जंग और तीखी होती जा रही है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और बिहार चुनाव के सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दुनिया भर के कुल बमों से ज्यादा खतरनाक बम गांधी परिवार के पास हैं और उन बमों के पहाड़ पर राहुल गांधी कुंडली मारकर बैठे हैं।

उन्होंने कहा कि हालात ने राहुल गांधी को आत्मघाती नेता बना दिया है और कांग्रेस परिवार को उनकी चिंता करनी चाहिए। खरगे जी तो चिंता करने से रहे। केशव मौर्य के तीखे बयान ने कांग्रेस के भीतर भी हलचल मचा दी है। राहुल गांधी का नेतृत्व कांग्रेस के लिए राजनीतिक आत्मघात साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के पास सबसे खतरनाक बम हैं। ये बम हैं अहंकार, भ्रांति और भ्रम के। ये बम कांग्रेस को हर चुनाव में उड़ा रहे हैं।

वंशवाद और भ्रष्टाचार का गठबंधन केशव प्रसाद मौर्य ने चुनावी बयान में कहा कि जब तेजस्वी यादव और राहुल गांधी एक साथ मंच साझा करते हैं तो वह नजारा किसी राजनीतिक गठबंधन से ज्यादा जंगलराज रिटर्न्स 2.0 की पटकथा जैसा दिखता है। वंशवाद और भ्रष्टाचार की विरासत के प्रतीक दोनों नेता मिलकर बिहार को फिर उसी अंधकार में धकेलने की साजिश कर रहे हैं, जिससे एनडीए सरकार ने बड़ी मुश्किल से मुक्ति दिलाई थी।

सुशासन बनाम जंगलराज की लड़ाई

मौर्य ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि सुशासन बनाम जंगलराज की लड़ाई है। उन्होंने जनता से अपील की कि बिहार की जनता अब जाग चुकी है। उन्हें मालूम है कि जिनके राज में अपहरण उद्योग फला-फूला, सड़कों पर डकैतों का राज था और सरकारी नौकरियां परिवारवाद की सौगात थीं, वे फिर से वही भय का माहौल लौटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उन्हें विपक्ष पचा नहीं पा रहा।

विपक्ष पर निशाना, जनता से अपील

मौर्य ने राजद और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों का इतिहास जनता के शोषण, जातिवाद और कुशासन से भरा है। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता में रहकर सिर्फ अपने परिवार का साम्राज्य बढ़ाते रहे, वे आज विकास और रोजगार की बात कर रहे हैं। जनता को सब याद है कि किसके राज में पलायन बढ़ा, कौन स्कूल अस्पताल बेचने पर आमादा था, और कौन अपहरण उद्योग चलाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा-नीतीश गठबंधन ने बिहार में भय से भरोसे का सफर तय किया है। बिजली, सड़क, पानी, महिला सुरक्षा, इन सभी मोर्चों पर एनडीए सरकार ने वह किया है जो कभी असंभव माना जाता था।

बिहार अब ठगों के जाल में नहीं फंसेगा

भाजपा नेता ने कहा कि बिहार की जनता अब विकास की राह पर चल पड़ी है। आज बिहार की युवा पीढ़ी नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। ये बदलाव एनडीए सरकार की नीतियों का नतीजा है। विपक्षी दल इसे रोक नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार अब उस दौर में लौटना नहीं चाहता जब बिजली के लिए लोग मशालें जलाते थे और सड़कों पर गड्ढों के बीच पहचान खो जाती थी। यह नया बिहार है, जो प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत विजन से जुड़ चुका है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button