देशबड़ी खबर

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड : मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, मालिक और महाप्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने एक नाइट क्लब में लगी आग की घटना की रविवार को मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए। उत्तरी गोवा के नाइट क्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। सावंत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि नाइट क्लब के मालिक एवं महाप्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नामक नाइट क्लब में शनिवार आधी रात के बाद आग लग गई। यह नाइट क्लब राज्य की राजधानी पणजी से लगभग 25 किलोमीटर दूर अरपोरा में स्थित है। यह पार्टी स्थल पिछले साल ही खुला था।

मुख्यमंत्री सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं अरपोरा में आग लगने की दुखद घटना से उत्पन्न स्थिति की बारीकी से समीक्षा कर रहा हूं। इस घटना में 25 लोगों की जान चली गई है और छह लोग घायल हो गए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सभी घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें सबसे अच्छी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। मैंने पूरी घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं ताकि कारण का पता लगाया जा सके और जिम्मेदारी तय की जा सके।’’ सावंत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि पुलिस ने नाइट क्लब के मालिक एवं महाप्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गोवा में ऐसी घटना पहली बार हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आग क्लब की पहली मंजिल पर लगी थी और भीड़भाड़ होने एवं छोटे दरवाजों के कारण ग्राहक बाहर नहीं निकल सके। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग भूतल की ओर भागे और वहीं फंस गए।’’

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button