देशबड़ी खबर

गुजरात चुनाव के नतीजे संदेश देते हैं कि मोदी 2024 में फिर से प्रधानमंत्री चुने जाएंगे: अमित शाह

गांधीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि हाल में संपन्न गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे न केवल राज्य के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इससे यह संदेश गया है कि नरेंद्र मोदी 2024 में फिर से प्रधानमंत्री के रूप में चुने जाएंगे।

विपक्षी दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि गुजरात के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य में रिकॉर्ड संख्या में सीट के साथ गुजरात में सत्ता में बनाए रखने में मदद करके उन लोगों को जवाब दिया जिन्होंने राज्य और प्रधानमंत्री मोदी को बदनाम करने की कोशिश की।

शाह ने यहां विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में कहा, ‘‘गुजरात के लोगों ने जातिवाद के जहर को खत्म करने के लिए काम किया है और खोखले, झूठे और आकर्षक वादे करने वालों के मुंह पर तमाचा जड़ा है। गुजरात के लोगों ने गुजरात और नरेंद्र मोदी को बदनाम करने की कोशिश करने वालों को जवाब दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह परिणाम अकेले गुजरात के लिए महत्वपूर्ण नहीं है। 2024 में (लोकसभा) चुनाव होगा और पूरा देश एक बार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार है।’’ वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि गुजरात का यह संदेश कश्मीर से कन्याकुमारी (देश में उत्तर से दक्षिण) और द्वारका से कामाख्या (पश्चिम से पूर्व) तक पहुंच गया है कि ‘‘मोदी साहब 2024 में फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।’’

शाह ने कहा कि राज्य के विकास के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताने की जरूरत नहीं है, क्योंकि लोगों ने चुनाव में इसका जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा एक भी राज्य नहीं है जहां किसी पार्टी ने 27 साल तक लगातार शासन किया हो। गुजरात एकमात्र ऐसा राज्य है जहां भाजपा ने (27 साल और उससे अधिक समय तक) शासन किया है।’’ शाह ने कहा कि जब गुजरात चुनाव की घोषणा हुई तो कांग्रेस ने दावा किया कि इस बार यह उसका मौका है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली से भी लोग यहां मुफ्त में ये और वो देने के वादे के साथ पहुंचे।’’ उन्होंने कहा कि इन सब के बावजूद जब परिणाम घोषित हुआ तो भाजपा रिकॉर्ड 156 सीट (गुजरात में कुल 182 में से) के साथ विजेता बनकर उभरी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा का हर एक कार्यकर्ता लोगों के समर्थन के लिए उनका ऋणी है और इस तथ्य पर गर्व महसूस करता है। उन्होंने कहा कि राज्य में अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए सुरक्षित 40 सीट में से पार्टी ने 34 सीट पर जीत हासिल की।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल ग्रामीण स्तर पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया, बल्कि दुनिया के सबसे ऊंचे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (नर्मदा जिले में), नरेंद्र मोदी (अहमदाबाद में) के नाम पर दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम और गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गांधीनगर) बनाकर गुजरात को दुनिया में नंबर एक बनाने की दिशा में कई काम किए। स्वच्छता के बारे में बात करते हुए शाह ने कहा कि जब तक लोग मिलकर काम नहीं करेंगे, कोई भी सरकार गांव या शहर को स्वच्छ नहीं बना सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘स्वच्छता अच्छे स्वास्थ्य के लिए पहली शर्त है। प्रधानमंत्री मोदी एक बड़ा स्वास्थ्य केंद्र बनाने जा रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र बनाना आसान है … लेकिन बेहतर यह है कि बीमार पड़ने की नौबत न आए और स्वास्थ्य केंद्र जाने की आवश्यकता न पड़े। इसके लिए हमें अपने गांवों को साफ रखना होगा।’’ शाह ने गांधीनगर-उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और राज्य की राजधानी में मोती अदराज गांव से प्लास्टिक मुक्त गांवों के लिए अभियान भी शुरू किया।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button