ताज़ा ख़बरदेशबड़ी खबर

जम्मू-कश्मीर: सुरक्षा बलों ने उधमपुर व किश्तवाड़ में रातभर की घेराबंदी के बाद शुरू किया तलाशी अभियान

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में रात भर की घेराबंदी के बाद सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को तलाश अभियान फिर से प्रारंभ किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले की जोफर-मार्टा पट्टी और किश्तवाड़ जिले के चटरू में बुधवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद रातभर घेराबंदी की गई।

अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में क्रमश: जोफर-मार्टा के जंगलों और नैदगाम-चटरू क्षेत्र में तलाश अभियान फिर से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। बुधवार को पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा संचालित तलाश अभियान के दौरान जोफर-मार्टा पट्टी में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि दो से तीन आतंकवादियों को घेर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आमोद अशोक नागपुरे ने बताया कि दो घंटे तक गोलीबारी हुई। एसएसपी ने कहा कि ऊंचे पहाड़ों, नदी और घने जंगलों के कारण यह इलाका दुर्गम है और “वन क्षेत्र में दो से तीन आतंकवादी छिपे हुए हैं।” बुधवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर किश्तवाड़ जिले के चटरू वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद नैदगाम इलाके में आतंकवादियों के साथ थोड़ी देर के लिए मुठभेड़ हुई।

उन्होंने बताया कि इलाके में घेराबंदी मजबूत कर दी गई है। कठुआ जिले के सान्याल इलाके में 24 मार्च को अभियान शुरू होने के बाद से तीन मुठभेड़ों के पश्चात पिछले 17 दिनों से पुलिस और सुरक्षा बल एक इलाके से दूसरे इलाके में जाने वाले आतंकवादियों पर नज़र रख रहे हैं। 27 मार्च को इलाके में हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे और चार पुलिसकर्मियों ने जान गंवाई थी।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button