उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

काशी में वॉलीबॉल का ‘महाकुंभ’ आज: PM मोदी वर्चुअली करेंगे उद्घाटन, CM योगी ने संभाला मोर्चा

काशी की खेल नगरी को नया आयाम देते हुए 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन रविवार को सिगरा स्टेडियम में होगा। वाराणसी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर 12 बजे वर्चुअली इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्टेडियम में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को वाराणसी पहुंचकर कानून-व्यवस्था समेत खेल की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बाबा विश्वनाथ और काल भैरव का दर्शन-पूजन भी किया। साथ ही, रैन बसेरों का निरीक्षण करके व्यवस्थाएं देखी। सिगरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 11 जनवरी तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में देशभर से 58 टीमें (30 पुरुष और 28 महिला) हिस्सा ले रही हैं। कुल 1044 खिलाड़ी, जिनमें 540 पुरुष और 504 महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय खिताब के लिए मुकाबला करेंगे। प्रतियोगिता की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को और बढ़ाते हुए स्विट्जरलैंड से अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ के ऑब्जर्वर भी मौजूद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ के सचिव सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली बार सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह के अनुसार रेलवे के साथ-साथ सेना के तीनों अंगों थल, जल और नभ की संयुक्त टीम भी प्रतिभाग कर रही है।

रैनबसेरा में बिस्तर, अलाव की हो समुचित व्यवस्था : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार रात भीषण शीतलहरी में टाउनहॉल रैन बसेरा पहुंचे और यहां रह रहे लोगों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने ठंड से ठिठुरते लोगों को राहत पहुंचाते हुए कंबल एवं भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए। उन्होंने सभी का कुशलक्षेम जाना। छोटे बच्चों को उन्होंने चॉकलेट भी दी। उन्होंने लोगों से कहा कि ठंड में बाहर सड़क पर खुले आसमान के नीचे कत्तई न सोएं। रैनबसेरा आप लोगों के लिए ही बनवाया गया है। उन्होंने रैनबसेरा में शरण लिए लोगों से व्यवस्थाओं के बाबत जानकारी ली और पूछा कि कोई कमी तो नहीं है? लोगों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button