देशबड़ी खबरविदेश

नेपाली तारा एयर का विमान लापता, 4 भारतीय समेत 22 यात्री हैं सवार

  • नेपाली सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर को तलाशी अभियान में लगाया गया
  • लगभग चार घंटे बाद भी ट्विन इंजन वाले विमान का पता नहीं चल सका

काठमांडू/नई दिल्ली। नेपाली तारा एयर का जुड़वां इंजन वाला विमान रविवार को सुबह आसमान में लापता हो गया है। पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरने वाले इस विमान का सुबह 9:55 बजे कंट्रोल रूम से संपर्क टूट गया। इसमें चार भारतीय, 3 जापानी समेत 22 यात्री सवार थे। लगभग चार घंटे बाद भी विमान का पता नहीं चल सका है।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार तारा एयर का एक विमान ने सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरी थी जिसके बाद एयरपोर्ट के कंट्रोल रूम से संपर्क टूट गया। विमान में चालक दल सहित 22 लोग सवार हैं जिसमें पायलट कैप्टन प्रभाकर प्रसाद घिमिरे, सह-पायलट इतासा पोखरेल और एयर होस्टेस कास्मी थापा भी शामिल हैं।

मुख्य जिला अधिकारी नेत्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि विमान को मस्टैंग जिले में जोमसोम के आसमान के ऊपर देखा गया था और फिर उसे माउंट धौलागिरी की ओर मोड़ दिया गया जिसके बाद यह संपर्क में नहीं आया था।

उन्होंने बताया कि इस विमान को 10 बजकर 20 मिनट पर लैंड करना था लेकिन 11 बजे के बाद से अभी तक ट्विन इंजन वाले इस विमान से संपर्क नहीं हो पाया है। जोमसोम हवाई अड्डे के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के अनुसार उन क्षेत्रों में एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है जहां आखिरी बार संपर्क किया गया था।

जिला पुलिस कार्यालय, मस्टैंग के डीएसपी राम कुमार दानी ने कहा कि हम तलाशी अभियान के लिए क्षेत्र में हेलीकॉप्टर तैनात कर रहे हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता फदींद्र मणि पोखरेल ने बताया कि लापता विमान की तलाश के लिए मस्टैंग और पोखरा से दो निजी हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं।

नेपाली सेना के प्रवक्ता नारायण सिलवाल ने कहा कि नेपाली सेना के एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर को भी तलाशी अभियान में लगाया गया है।हेलीकॉप्टर को मस्टैंग के लिए रवाना किया गया है, जहां लापता तारा एयर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका है।

पोखरा हवाई अड्डे के प्रमुख बिक्रम राज गौतम ने बताया कि यह विमान एक बार धौलागिरी हिमालय से लौट आया और उसके बाद से संपर्क में नहीं आया। पहाड़ों के बीच हादसे की आशंका जताते हुए सर्च अभियान तेज करने की तैयारी है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button