देशबड़ी खबर

पेट्रोल 9.5 और डीजल 7 रुपये प्रति लीटर होगा सस्ता, केंद्र ने घटाई एक्साइज ड्यूटी

  • उज्जवला योजना के तहत एलपीजी पर 200 रुपये की सब्सिडी देने का भी ऐलान

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने महंगाई से राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने का फैसला किया है। सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) 8 रुपये प्रति लीटर घटाने का ऐलान किया है। इसके अलावा सरकार उज्जवला योजना के तहत घरेलू रसोई गैस पर 200 रुपये की सब्सिडी देगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी है।

निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार के इस फैसले से पेट्रोल 9.5 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल 7 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो जाएगा। सीतारमण ने कहा कि सरकार के इस फैसले से सरकारी खजाने पर करीब एक लाख करोड़ रुपये सालाना का बोझ पड़ेगा। इसके साथ ही उज्जवला योजना के तहत घरेलू रसोई गैस पर 200 रुपये की सब्सिडी 12 सिलेंडर तक सरकार देगी, जिससे सालाना करीब 6100 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। इसके अलावा वित्त मंत्री ने सभी राज्य सरकारों से अपील की है कि वह भी वैट में कटौती कर जनता को राहत दें। उन्होंने खासतौर पर उन राज्यों को पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने के लिए कहा है, जिन्होंने नवंबर 2021 से वैट में कटौती नहीं की है।

उल्लेखनीय है कि राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 105.41 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.67 रुपये प्रति लीटर है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 120.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल का भाव 104.77 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 115.12 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल का भाव 99.83 रुपये प्रति लीटर है। इसी तरह चेन्नई में पेट्रोल 110.85 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 100.94 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 111.22 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 110.85 डॉलर प्रति डॉलर पर बना हुआ है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button