देशबड़ी खबर

दिल्ली धमाके को लेकर पीएम मोदी ने अमित शाह से की बात, जानिए गृह मंत्री ने घटना के बारे में क्या-क्या बताया?

दिल्ली में धमाके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की है। पीएम मोदी ने दिल्ली में हुए धमाकों के बाद स्थिति का जायजा लिया है। अमित शाह भी घटना स्थल पर मौजूद पुलिस के अधिकारियों से पल-पल का अपडेट ले रहे हैं। धमाके के बाद पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।

i-20 कार में हुआ धमाका- अमित शाह

धमाके की अधिक जानकारी देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘आज शाम करीब 7 बजे दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कुछ पैदल यात्री घायल हो गए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कुछ लोगों की जान चली गई है। विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर ही दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुँच गईं।’

सीसीटीवी कैमरों की हो रही जांच- शाह

अमित शाह ने कहा, ‘एनएसजी और एनआईए की टीमों ने एफएसएल के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। मैंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी से भी बात की है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच प्रभारी मौके पर मौजूद हैं।’

घटनास्थल और अस्पताल जाएंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच करेंगे। सभी विकल्पों की तुरंत जांच की जाएगी और हम परिणाम जनता के सामने पेश करेंगे। मैं शीघ्र ही घटनास्थल पर जाऊंगा और तुरंत अस्पताल भी जाऊंगा।’

धमाके में 11 लोगों की मौत

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम 6 बजकर 52 मिनट पर चलती कार में धमाका हुआ है। इसके बाद कई कारों में आग लग गई और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दिल्ली धमाके में 11 लोगों की मौत हुई है करीब 30 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

चलती कार में धमाका हुआ

दिल्ली में हुए धमाकों को लेकर पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा का बयान भी सामने आया है। मीडिया से बात करते हुए दिल्ली के पुलिस कमिश्नर गोलचा ने कहा, ‘आज शाम करीब 6.52 बजे एक धीमी गति से चल रही गाड़ी लाल बत्ती पर रुकी। उस गाड़ी में विस्फोट हुआ और विस्फोट की वजह से आस-पास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। सभी जांच एजेंसियां, एफएसएल और एनआईए की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई। घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।’

पल-पल का जायजा ले रहे अमित शाह

इसके साथ गी गोलचा ने कहा गृह मंत्री अमित शाह ने भी हमें बुलाया है। समय-समय पर उनके साथ जानकारी साझा की जा रही है। घटना के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की है।

धमाकों से हिली घर की खिड़कियां

बम धमाके बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के बाद इलाके में दहशत और अविश्वास का माहौल था। स्थानीय निवासी राजधर पांडे ने बताया कि उसने अपने घर से आग की लपटें देखीं। इसके बाद वह नीचे आकर देखने लगा कि क्या हुआ है? घर पर उसे एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी थी। धमाका इतना तेज था कि उसकी तीव्रता से घर की खिड़कियां हिल गईं।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button