बड़ी खबरविदेश

पीएम मोदी की ओमान यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे, व्यापार को मिलेगा बढ़ावा : इंडस्ट्री

मस्कट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओमान दौरे से दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे। साथ ही एनर्जी, मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। यह बयान भारतीय कारोबारियों ने बुधवार को दिया।

मस्कट में आईएएनएस से बात करते हुए, भारतीय इंडस्ट्री से जुड़े के अग्रणी लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के माध्यम से अपनी साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

यूनो मिंडा लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन निर्मल के. मिंडा ने कहा कि इस दौरे से कई क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खुल सकते हैं।

मिंडा ने कहा, “ओमान की कम ऊर्जा लागत और भारत का मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम एक दूसरे के पूरक हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत में मैन्युफैक्चरिंग से स्किल्ड मैनपावर तक पहुंच मिलती है, जो ओमान में एक चुनौती है, जबकि ओमान यूएई सहित क्षेत्र को जोड़ने वाले एक लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।”

अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड की संयुक्त प्रबंध निदेशक संगीता रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा से भारत और ओमान के बीच पहले से ही मजबूत संबंध और भी सुदृढ़ होंगे।

रेड्डी ने कहा, “भारतीय दशकों से ओमान के विकास में योगदान दे रहे हैं और इस देश की अर्थव्यवस्था और समाज में योगदान के लिए उन्हें बहुत सम्मान से देखा जाता है।”

उनके अनुसार, व्यापार समझौतों के माध्यम से वाणिज्यिक संबंधों के विस्तार के साथ-साथ दोनों देशों के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक बंधन और भी मजबूत होंगे।

अलिज फूड्स एलएलसी के चेयरमैन सालेह मोहम्मद अलशनफारी ने कहा कि भारत और ओमान के बीच संबंध व्यापार से कहीं अधिक व्यापक हैं।

उन्होंने कहा, “समुद्री संपर्क, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक संबंध सदियों से दोनों देशों को एक दूसरे से बांधे हुए हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी अपने 15-18 दिसंबर तक के दौरे के अंतिम चरण में महामहिम सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर 17 से 18 दिसंबर तक दूसरी बार ओमान का दौरा करेंगे। भारत और ओमान के बीच दीर्घकालिक और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है, जो मजबूत व्यापारिक संबंधों, ऊर्जा सहयोग और सांस्कृतिक जुड़ावों द्वारा समर्थित है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button