देशबड़ी खबर

‘घोटालों में शामिल लोगों को भारत रत्न देने का कोई प्रावधान नहीं’, जेडीयू ने तेजस्वी पर कसा तंज

पटना: बिहार के सत्तारूढ़ जनता दल (यू) ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव द्वारा अपने पिता और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को भारत रत्न दिए जाने की वकालत किये जाने को मंगलवार को ‘हास्यास्पद’ करार दिया है।जद (यू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “लालू प्रसाद के बेटे द्वारा उनके लिए भारत रत्न दिए जाने की वकालत करना हास्यास्पद है। वह (तेजस्वी यादव) अपने परिवार से आगे नहीं सोच सकते।’’ राजीव रंजन ने कहा, ‘‘उन्हें (तेजस्वी) यह पता होना चाहिए कि भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। यह उन लोगों को नहीं दिया जाता जो घोटालों में शामिल रहे हों ।’’ उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को यह समझना चाहिए कि महान व्यक्तियों को भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। घोटालों में शामिल व्यक्तियों को भारत रत्न देने का कोई प्रावधान नहीं है।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू)के विधान पार्षद और प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी द्वारा लालू यादव को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने की मांग पर कहा, “अगर भ्रष्टाचार और जेल की सजा काटने के लिए कोई पुरस्कार होता तो लालू जी निश्चित रूप से इसके लिए प्रयास कर सकते हैं।” लालू प्रसाद को चारा घोटाले से जुड़े कई मामलों में दोषी ठहराया गया है, इसके अलावा रेलवे में होटलों के लिए भूमि और नौकरियों के लिए भूमि घोटाले में भी उनका नाम आया है।

तेजस्वी ने लालू के लिए भारत रत्न का किया था जिक्र

राजद के युवा नेता यादव ने सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए सोमवार को दावा किया था, ‘‘आज कई लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को खुश करने के लिए लालूजी को गाली दे रहे हैं। यही लोग एक दिन लालूजी के लिए भारत रत्न की मांग करेंगे।”

तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद समाज के वंचितों की आवाज उठाने के लिए ‘भारत रत्न’ के हकदार हैं। लालू, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के अध्यक्ष हैं। तेजस्वी यादव ने कहा, “उन दिनों को याद कीजिए जब बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री दिवंगत कर्पूरी ठाकुर ने पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण देने का काम किया था। लालू प्रसाद और राबड़ी देवी ने उनके इस कार्य को आगे बढ़ाने का काम किया और इस आरक्षण को बढ़ाकर 18 प्रतिशत किया तथा उसके बाद भाजपा ने आजतक आरक्षण नहीं बढ़ाया।”

उन्होंने कहा कि वर्षों बाद उसी(भाजपा) पार्टी ने उन्हें(कर्पूरी ठाकुर) भारत रत्न से सम्मानित किया और यह समाजवाद (समाजवाद) की शक्ति है। यादव ने इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत का दम भरा। यादव ने कहा, “अगली सरकार बनाने की जिम्मेदारी मेरे कंधों पर है। इसलिए, मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि केवल उन्हीं उम्मीदवारों को मौका मिले जो वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध हैं।” (इनपुट-भाषा)

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button