देशबड़ी खबर

उद्धव ठाकरे ने मंच से महायुति पर बोला हमला, कहा- ‘महाराष्ट्र की अस्मिता बेचने वाले हमें हिंदुत्व सिखा रहे’

कल्याण: आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर महाविकास आघाड़ी ने कल्याण पूर्व के पोटे मैदान में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार धनंजय बोडारे के लिए एक जनसभा को संबोधित करते हुए विरोधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमने हुकुमशाही को घुटनों पर लाकर खड़ा किया और इस बार विधानसभा चुनाव में उनके सफाए के लिए जनता तैयार है।

‘हमें हिंदुत्व सिखाने की कोशिश कर रहे’

ठाकरे ने बीजेपी और शिंदे गुट पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि महाराष्ट्र की अस्मिता को बेचने वाले आज हमें हिंदुत्व सिखाने की कोशिश कर रहे हैं। ये वही लोग हैं जो दिल्ली में चाकरी करते हुए महाराष्ट्र के सम्मान से समझौता कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और भाजपा की राजनीति को जनविरोधी बताते हुए कहा कि महाविकास आघाड़ी का गठबंधन केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की जनता के अधिकार और अस्मिता की रक्षा के लिए बना है।

चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना

चुनाव चिन्ह ‘धनुष-बाण’ को लेकर उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, चुनाव आयोग का निर्णय पक्षपातपूर्ण है। धनुष-बाण हमारा था, है और रहेगा। इसे छीनने की हर कोशिश नाकाम होगी। उन्होंने चुनाव आयोग को केंद्र सरकार की कठपुतली बताते हुए इस मुद्दे को कोर्ट में ले जाने की बात कही। ठाकरे ने आगे कहा कि भाजपा और उनके सहयोगी अब हिंदू-मुस्लिम के बीच नफरत फैलाने के बाद मराठी बनाम मराठी का खेल खेलने लगे हैं, लेकिन महाराष्ट्र की जनता ऐसी साजिशों को नाकाम कर देगी। यह चुनाव केवल सत्ता का नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और भाईचारे को बचाने का है।

महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा का वादा

ठाकरे ने सभा में महिलाओं को भी संबोधित करते हुए बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महाविकास आघाडी की सरकार बनने पर राज्य परिवहन (एसटी) की बसों में महिलाओं को मुफ्त सेवा प्रदान की जाएगी।

डोंबिवली में भी जनता को किया संबोधित

कल्याण के बाद ठाकरे ने डोंबिवली के भागशाला मैदान में सभा को संबोधित किया। वहां उन्होंने कहा कि हम विरोधियों को जमीन में गाड़ने के लिए तैयार हैं। हमारी लड़ाई महाराष्ट्र की अस्मिता, किसान, मजदूर और महिलाओं के अधिकार के लिए है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button