देश

विपक्ष पर अमित शाह का तीखा प्रहार, कहा- लालू-राबड़ी-राहुल के पास बिहार के विकास का कोई एजेंडा नहीं

जमुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को विपक्षी दलों के नेताओं पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के गठबंधन के पास बिहार के विकास का कोई एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि इनके शासनकाल में गरीबों के लिए कुछ नहीं किया गया, बल्कि घुसपैठियों को संरक्षण दिया गया।

शाह ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग केवल अपने बेटे-बेटियों के हित की चिंता करते हैं, वे बिहार को विकसित राज्य नहीं बना सकते।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें पांच साल का और मौका दीजिए, बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। राज्य को बाढ़ की समस्या से मुक्त किया जाएगा। लालू-राबड़ी-राहुल के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है।’’

शाह ने आरोप लगाया, ‘‘इन लोगों ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया, सिवाय उन घुसपैठियों को संरक्षण देने के, जो गरीबों की नौकरियां, राशन और संसाधन छीन रहे हैं। क्या ऐसे लोग बिहार को विकसित राज्य बना सकते हैं? कभी नहीं।’’ उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद के शासनकाल में गया, औरंगाबाद, जमुई और अन्य क्षेत्रों में माओवादी हिंसा चरम पर थी।

शाह ने दावा किया,‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार से नक्सलवाद का सफाया किया गया।’’ गृह मंत्री ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “अगर आप ‘जंगलराज’ से बचना चाहते हैं, तो राजग को वोट दीजिए।” उन्होंने यह भी वादा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को दोबारा मौका मिलने पर बिहार की तस्वीर बदल जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष ने इस दौरान कई परियोजनाओं की घोषणा की जिनमें एक इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण क्लस्टर, आयुध फैक्टरी, रक्षा गलियारा, विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे और राजमार्ग नेटवर्क, चिकित्सा महाविद्यालय और इंजीनियरिंग संस्थान की स्थापना शामिल है।

Aina Today

Aina Today न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button